रेलवे स्टेशन पर रंगेहाथ पकड़ाया झपटमार, यात्रियों ने पिटाई के बाद पुलिस को सौंपा
- DSS Admin
- Jul 08, 2026
भागलपुर, 08 जुलाई (हि.स.)। भागलपुर रेलवे स्टेशन परिसर में बुधवार को एक झपटमार को यात्रियों ने रंगे हाथों पकड़ लिया।
बताया जा रहा है कि आरोपी एक बच्चे के गले से सोने का लॉकेट छीनकर भागने की कोशिश कर रहा था। घटना को देख आसपास मौजूद यात्रियों ने तुरंत पीछा कर उसे धर दबोचा। इसके बाद गुस्साए लोगों ने उसकी जमकर पिटाई कर दी और बाद में उसे पुलिस के हवाले कर दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आरोपी काफी देर से स्टेशन परिसर में संदिग्ध गतिविधियां कर रहा था। जैसे ही उसने बच्चे के गले से लॉकेट झपटकर भागना चाहा, यात्रियों ने सतर्कता दिखाते हुए उसे पकड़ लिया।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को अपने कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी। स्थानीय लोगों का कहना है कि भागलपुर रेलवे स्टेशन परिसर में मोबाइल चोरी, गले से चेन और लॉकेट झपटने जैसी घटनाएं लगातार सामने आती रहती हैं।
ऐसे मामलों से यात्रियों में असुरक्षा की भावना बढ़ रही है। लोगों ने रेलवे प्रशासन और पुलिस से स्टेशन परिसर में सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी करने, नियमित गश्त बढ़ाने तथा संदिग्ध लोगों पर विशेष नजर रखने की मांग की है।
फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि वह किसी संगठित गिरोह से जुड़ा है या नहीं। इस घटना के बाद स्टेशन पर मौजूद यात्रियों ने सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किए जाने की मांग दोहराई है, ताकि भविष्य में इस तरह की वारदातों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।
---------------

