बुलडोजर लेकर पहुंची सेल आईएसपी टीम, दुकानदारों के विरोध से पीछे हटना पड़ा
- DSS Admin
- Jun 01, 2026
पश्चिम बर्दवान, 01 जून (हि. स.)। सेल आईएसपी प्रबंधन द्वारा बर्नपुर टाउनशिप स्थित बारी मैदान के समीप सेंट एंथोनी चर्च से हीरापुर थाना तक सड़क किनारे स्थित दुकानों को हटाने के लिए सोमवार को अतिक्रमण विरोधी अभियान चलाया गया। जैसे ही बुलडोजर और प्रबंधन की टीम मौके पर पहुंची, दुकानदारों ने जोरदार विरोध शुरू कर दिया। देखते ही देखते सड़क जाम कर प्रदर्शन शुरू हो गया, जिससे इलाके में लगभग आधे घंटे तक तनावपूर्ण स्थिति बनी रही।
दुकानदारों का आरोप था कि वर्षों से वे यहां व्यापार कर अपने परिवार का पालन-पोषण कर रहे हैं। यदि प्रबंधन को सड़क चौड़ीकरण करना है तो पहले उनके लिए वैकल्पिक व्यवस्था करनी चाहिए। बिना पुनर्वास के दुकानें तोड़ना उनके रोजगार पर सीधा हमला है।
वहीं, सेल आईएसपी के अधिकारियों का कहना था कि सभी दुकानदारों को पहले ही नोटिस जारी किया जा चुका है। लगातार कई दिनों तक इलाके में माइकिंग कर लोगों को सूचित किया गया था। स्थानीय समाचार पत्रों में भी विज्ञापन प्रकाशित कर दुकानों को खाली करने का अनुरोध किया गया था। अधिकारियों के अनुसार, टाउनशिप की सड़कों को चौड़ा करने की योजना पर काम चल रहा है और इसके लिए अवैध अतिक्रमण हटाना आवश्यक है।
हालांकि, दुकानदार अपनी मांग पर अड़े रहे और स्पष्ट कहा कि जब तक उनके लिए वैकल्पिक व्यवस्था नहीं की जाती, वे अपनी दुकानें नहीं हटाएंगे। बढ़ते विरोध को देखते हुए अभियान को रोकना पड़ा और प्रबंधन की टीम वापस लौट गई।
मौके पर बड़ी संख्या में स्थानीय लोग भी मौजूद रहे। विरोध प्रदर्शन के दौरान सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। बाद में स्थिति सामान्य हुई।
---------------

