एसपी का निर्देश, थाने पर आने वाले फरियादियों की गंभीरता से शिकायत सुने अफसर

देवरिया, 08 जुलाई (हि.स.)। पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर. शंकर ने बुधवार को खुखुन्दू थाना का औचक निरीक्षण कर यहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने थाना कार्यालय, मालखाना, हवालात, अभिलेखों के रखरखाव, महिला हेल्प डेस्क, सीसीटीएनएस कार्यों तथा साफ-सफाई व्यवस्था का गहन निरीक्षण किया। साथ ही थाना परिसर की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए विवेचकों का ऑर्डरली रूम (ओआर) किया और लंबित विवेचनाओं की प्रगति की जानकारी ली।

पुलिस अधीक्षक ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देश दिया कि थाने पर आने वाले प्रत्येक फरियादी की शिकायत को गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ सुनकर उसका समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने अपराध नियंत्रण, महिला सुरक्षा, रात्रि गश्त और संदिग्ध व्यक्तियों की नियमित चेकिंग को और अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान एसपी ने थाने पर तैनात नवनियुक्त रिक्रूट आरक्षियों से भी संवाद किया। उन्होंने जवानों को अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा और जनता के प्रति सकारात्मक व्यवहार बनाए रखने की सीख देते हुए कहा कि पुलिस की पहचान उसके व्यवहार और कार्यशैली से होती है। इसलिए सभी पुलिसकर्मी पूरी ईमानदारी, निष्पक्षता और समर्पण के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें।

निरीक्षण के दौरान क्षेत्राधिकारी सलेमपुर गौरव सिंह, प्रभारी निरीक्षक राहुल सिंह सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।---------------------

   

सम्बंधित खबर