पेंशन हितग्राहियों का विशेष सत्यापन अभियान में 11 मृतकाें का हुआ चिन्हांकन
- DSS Admin
- Jun 23, 2026
नारायणपुर, 23 जून (हि.स.)। जिले में सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं को पारदर्शी और प्रभावी बनाने के लिए प्रशासन ने मिशन मोड में विशेष सत्यापन अभियान शुरू किया है। कलेक्टर नम्रता जैन के निर्देश पर सभी ग्राम पंचायतों में पेंशन हितग्राहियों का सत्यापन, नॉन-डीबीटी खातों को डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (डीबीटी) प्रणाली से जोड़ने तथा मृत पेंशनधारियों के नामों को सूची से पृथक करने की कार्रवाई तेज कर दी गई है। इसी कड़ी में ग्राम पंचायत पोछावाड़ा अंतर्गत ग्राम रोहताड़ में सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के तहत विशेष शिविर आयोजित किया गया। शिविर में वृद्धावस्था, विधवा एवं दिव्यांग पेंशन योजनाओं के लाभार्थियों की जानकारी का सत्यापन किया गया तथा बैंक खाते और आधार संबंधी दस्तावेजों का परीक्षण किया गया।
समाज कल्याण विभाग के उपसंचालक श्याम सुंदर रैदास ने आज मंगलवार काे बताया कि ग्राम पंचायत पोछावाड़ा में कुल 118 पेंशन हितग्राही पंजीकृत हैं, जिनमें 40 हितग्राही नॉन-डीबीटी श्रेणी के हैं। शिविर के दौरान दो हितग्राहियों के बैंक एवं आधार संबंधी विवरण संकलित किए गए, जबकि दो हितग्राहियों को बैंक में ई-केवाईसी कराने के निर्देश दिए गए। वहीं छह हितग्राहियों को जानकारी दी गई कि उनकी पेंशन राशि पहले से ही डीबीटी के माध्यम से सीधे बैंक खातों में जमा हो रही है। शिविर के दौरान पंचायत सचिव ने 11 पेंशनधारियों के निधन की जानकारी दी। इसके आधार पर मृत हितग्राहियों का चिन्हांकन कर आवश्यक अभिलेखीय प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है। संबंधित जानकारी विभाग को भेजी जाएगी, जिससे अपात्र नामों पर होने वाले भुगतान को रोका जा सके और योजनाओं के संचालन में पारदर्शिता सुनिश्चित की जा सके।प्रशासन द्वारा पात्र लेकिन किसी कारणवश योजना से वंचित रह गए लोगों को भी चिन्हित कर उन्हें पेंशन योजनाओं से जोड़ने की प्रक्रिया अपनाई जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि इस अभियान का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि हर पात्र हितग्राही को समय पर और सीधे उसके बैंक खाते में पेंशन राशि प्राप्त हो सके। ग्रामीणों ने शिविर की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के अभियान से आधार और बैंक खातों से जुड़ी त्रुटियों का समय रहते निराकरण हो रहा है और वास्तविक पात्र हितग्राहियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने में मदद मिल रही है। पंचायत प्रतिनिधियों, स्थानीय जनप्रतिनिधियों, सचिव, रोजगार सहायक तथा विभागीय कर्मचारियों के सहयोग से आयोजित इस शिविर में लाभार्थियों के अभिलेखों का अद्यतन किया गया। प्रशासन का कहना है कि जिले भर में इस प्रकार के शिविर लगातार आयोजित किए जाएंगे, जिससे सामाजिक सुरक्षा पेंशन व्यवस्था को और अधिक पारदर्शी, सुगम और प्रभावी बनाया जा सके।
---------------

