टुल्लू पम्प में उतरे करंट से पिता-पुत्र की मौत, महिला की हालत गंभीर

मृतक

मऊ, 04 जून (हि.स.)। मऊ जिले के रामपुर बेलौली थाना क्षेत्र के मोइद्दीनपुर के प्यारेपुर मिश्र गांव में गुरुवार सुबह घर के आंगन में लगे टुल्लू पम्प में करंट उतरने से नहाने गई मीना देवी उसकी चपेट में आ गईं। बताया जा रहा है कि पम्प की केबिल कटी होने के कारण उसमें करंट प्रवाहित हो रहा था। मीना देवी को करंट की जद में आते देख उनके पति देवेंद्र मिश्रा (48) और पुत्र नीरज (26) उन्हें बचाने के लिए दौड़ पड़े। दोनों ने किसी तरह मीना को करंट से अलग कर दिया, लेकिन इस दौरान वे स्वयं करंट की चपेट में आ गए और गंभीर रूप से झुलस गए।

घटना के दौरान करंट के तेज झटके से नीरज दूर जा गिरा, जिससे उसके सिर में भी गंभीर चोट लग गई। शोर सुनकर मौके पर पहुंचे ग्रामीणों और पड़ोसियों ने पुलिस को सूचना दी तथा तीनों घायलों को तत्काल फतेहपुर मंडाव सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद देवेंद्र मिश्रा और नीरज को मृत घोषित कर दिया, जबकि मीना देवी की गंभीर हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। सूचना मिलने पर पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है।

घटना की जानकारी देते हुए अपर पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार ने बताया कि आज सुबह एक महिला स्नान करने गई थी पानी का मोटर चालू करने के दौरान उसमें करंट आ गया और उसकी चपेट में आ गई। उसे बचाने के लिए उसके पति और पुत्र दोनों गए वह लोग भी उसकी चपेट में आ गए पति और पुत्र की दर्दनाक मौत हो गई, लेकिन महिला गंभीर रूप से घायल है जिसका इलाज अस्पताल में चल रहा है।

---------------

   

सम्बंधित खबर