प्रयागराज मंडल ने कांस्टेबल भर्ती परीक्षा के लिए चलाई एग्जाम स्पेशल ट्रेन
- DSS Admin
- Jun 08, 2026
प्रयागराज, 08 जून (हि.स)। प्रयागराज मंडल द्वारा उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा कांस्टेबल भर्ती परीक्षा-2026 में शामिल होने वाले परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए विशेष प्रबंध किए गए। बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों के आवागमन को देखते हुए प्रयागराज मंडल प्रशासन द्वारा आवश्यकतानुसार एग्जाम स्पेशल ट्रेन का संचालन आज किया गया।
जनसम्पर्क अधिकारी अमित कुमार सिंह ने साेमवार काे बताया कि मंडल रेल प्रबंधक प्रयागराज रजनीश अग्रवाल के निर्देशन में पूरी व्यवस्था को सुव्यवस्थित ढंग से संचालित किया गया। प्रयागराज जंक्शन, कानपुर सेंट्रल एवं अन्य प्रमुख स्टेशनों परीक्षार्थियों की सुविधा के दृष्टिगत प्लेटफॉर्म, टिकट काउंटर तथा प्रवेश-निकास द्वारों पर विशेष व्यवस्थाएं की गईं। इसके साथ ही मंडल स्तर पर स्थापित वार रूम से प्रमुख स्टेशनों पर लगे सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से लगातार निगरानी रखी गई। अधिकारियों द्वारा भीड़ की स्थिति, यात्री आवागमन तथा प्लेटफॉर्म व्यवस्था का अवलोकन किया जाता रहा, जिससे किसी भी प्रकार की असुविधा होने पर तुरंत आवश्यक कदम उठाए जा सकें।
उन्होंने बताया कि प्रयागराज मंडल द्वारा संचालित एग्जाम स्पेशल ट्रेन एवं रिशिड्यूल में प्रयागराज जंक्शन से बांदा की ओर के लिए प्लेटफॉर्म प्रयागराज जंक्शन के प्लेटफॉर्म संख्या 10 पर 18ः50 बजे ट्रेन प्लेस की गई। कानपुर सेंट्रल-झांसी एग्जाम स्पेशल ट्रेन ने कानपुर सेंट्रल से 13ः43 बजे, कानपुर सेंट्रल- झांसी एग्जाम स्पेशल ट्रेन ने कानपुर सेंट्रल से 18ः45 बजे, कानपुर सेंट्रल-लखनऊ एग्जाम स्पेशल ट्रेन ने कानपुर सेंट्रल से 13ः43 बजे, कानपुर सेंट्रल-लखनऊ एग्जाम स्पेशल ट्रेन ने कानपुर सेंट्रल से 19 बजे तथा गाड़ी 64212 कानपुर सेंट्रल-लखनऊ मेमू को 12ः20 बजे से रिशिड्यूल कर 13ः30 बजे चलाया गया।
परीक्षार्थियों की सहायता एवं सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए रेलवे सुरक्षा बल तथा राजकीय रेलवे पुलिस के जवानों को प्रमुख स्टेशनों एवं ट्रेनों में तैनात किया गया। इसके अतिरिक्त वाणिज्य विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा भी स्टेशन पर यात्रियों को आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराई गई। रेलवे प्रशासन द्वारा अभ्यार्थियों की सुविधा, सुरक्षा एवं सुचारु संचालन को ध्यान में रखते हुए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं। भीड़ प्रबंधन को सुचारु बनाए रखने के लिए प्रमुख स्टेशनों पर अतिरिक्त स्टाफ की तैनाती की गई तथा यात्रियों को लाइन में व्यवस्थित रूप से प्रवेश एवं निकास के लिए प्रेरित किया गया।
---------------

