एसएसपी मोहिता शर्मा ने पुलिस लाइन कठुआ का किया निरीक्षण, व्यवस्था व कार्यप्रणाली सुधारने के दिए निर्देश
- DSS Admin
- May 09, 2026

कठुआ, 09 मई । जिला पुलिस लाइन कठुआ का व्यापक निरीक्षण एसएसपी कठुआ मोहिता शर्मा द्वारा किया गया। इस दौरान उनके साथ अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, एसपी ऑपरेशंस बॉर्डर एवं कंडी, डीएसपी डीएआर और आरआई/लाइन अधिकारी भी मौजूद रहे।
निरीक्षण के दौरान एसएसपी ने पुलिस लाइन की समग्र कार्यप्रणाली, अनुशासन, साफ-सफाई, रिकॉर्ड संधारण और ऑपरेशनल तैयारियों का बारीकी से जायजा लिया। उन्होंने प्रशासनिक व्यवस्था, बैरक, स्टोर, मैस, वाहन प्रबंधन, हथियार व गोला-बारूद के रखरखाव सहित विभिन्न शाखाओं की कार्यप्रणाली की समीक्षा की। एसएसपी ने विशेष रूप से साफ-सफाई, अनुशासन और पेशेवर मानकों को बनाए रखने पर जोर दिया। उन्होंने मौके पर ही सभी शाखा प्रभारियों को अपने-अपने कार्यालयों और परिसर में स्वच्छता व व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इस दौरान इमरजेंसी रिस्पॉन्स सपोर्ट सिस्टम शाखा का भी गहन निरीक्षण किया गया। एसएसपी ने इसकी कार्यप्रणाली और रिस्पॉन्स सिस्टम की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को त्वरित प्रतिक्रिया, बेहतर समन्वय और जनसेवा में सुधार लाने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को समर्पण, पेशेवरता और जवाबदेही के साथ कार्य करने की हिदायत देते हुए कहा कि पुलिस प्रशासन में उच्च मानकों को बनाए रखना बेहद जरूरी है ताकि आम जनता को बेहतर सेवाएं प्रदान की जा सकें।
---------------

