झांसी, 17 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में झांसी के नवाबाद थाना क्षेत्र में सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर पांच लाख रुपये की ठगी करने और जान से मारने की धमकी देने के आरोप में पुलिस ने महारानी लक्ष्मी बाई मेडिकल कॉलेज में तैनात एक स्टाफ नर्स को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार ग्राम दिगारा निवासी अनोखी देवी ने 26 मई 2025 को थाना नवाबाद में शिकायत दर्ज कराई थी। पीड़िता का आरोप था कि नई बस्ती निवासी तथा वर्तमान में राजीव नगर नगरा में रह रही कंचन प्रजापति, जो मेडिकल कॉलेज में स्टाफ नर्स के पद पर कार्यरत है, ने सरकारी नौकरी लगवाने का झांसा देकर उनसे पांच लाख रुपये ले लिए।
शिकायत में बताया गया कि रकम लेने के बाद आरोपित महिला ने पीड़िता को ज्वाइनिंग लेटर समेत कुछ दस्तावेज दिए और नौकरी लगने का भरोसा दिलाया। जब अनोखी देवी संबंधित विभाग में दस्तावेज लेकर पहुंचीं तो जांच में पता चला कि ज्वाइनिंग लेटर और अन्य कागजात पूरी तरह फर्जी और कूट रचित हैं। इसके बाद उन्हें अपने साथ हुई ठगी का पता चला।
पीड़िता ने आरोप लगाया कि जब उन्होंने आरोपित महिला से अपने रुपये वापस मांगे तो उसने पैसे लौटाने से साफ इनकार कर दिया। इतना ही नहीं, विरोध करने पर जान से मारने की धमकी भी दी गई।
मामले की शिकायत मिलने के बाद नवाबाद थाना पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
इनका है कहना
इस संबंध में थाना प्रभारी निरीक्षक रवि श्रीवास्तव ने रविवार काे बताया कि विवेचना के दौरान आरोप सही पाए जाने पर पुलिस ने आरोपित स्टाफ नर्स कंचन प्रजापति को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
---------------

