डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के विचार राष्ट्र निर्माण की अमूल्य धरोहर : राकेश त्रिपाठी

फोटो भाजपा नेता

देवरिया, 29 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के देवरिया जनपद में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने सोमवार को डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी जयंती संस्मरण पखवाड़ा के अंतर्गत जिला पंचायत सभागार में विचार गोष्ठी का आयोजन किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष काली प्रसाद ने की। गोष्ठी में डॉ. मुखर्जी के सामाजिक, राजनीतिक और राष्ट्रवादी योगदान पर विस्तार से चर्चा की गई।

मुख्य वक्ता एवं भाजपा प्रदेश प्रवक्ता राकेश त्रिपाठी ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी राष्ट्रवाद के प्रखर पुरोधा थे। उन्होंने देश की एकता, अखंडता और सांस्कृतिक अस्मिता की रक्षा के लिए अपना जीवन समर्पित किया। उन्होंने कहा कि केंद्रीय मंत्री के रूप में डॉ. मुखर्जी ने औद्योगिक विकास, आत्मनिर्भरता और राष्ट्रीय हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता दी। भारतीय जनसंघ की स्थापना कर उन्होंने देश को एक वैचारिक विकल्प दिया, जो आज भारतीय जनता पार्टी के रूप में विश्व का सबसे बड़ा राजनीतिक संगठन बन चुका है।

सदर सांसद शशांक मणि ने कहा कि डॉ. मुखर्जी का जीवन राष्ट्रसेवा, त्याग और समर्पण की मिसाल है। उन्होंने कहा कि एक देश में दो विधान, दो निशान और दो प्रधान नहीं चलेंगे का उनका संकल्प राष्ट्रीय एकता के प्रति उनकी अटूट प्रतिबद्धता का प्रतीक था। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में उनके कई सपनों को साकार किया जा रहा है।

वरिष्ठ भाजपा नेता अंतर्यामी सिंह ने कहा कि डॉ. मुखर्जी ने शिक्षा, राष्ट्रवाद और जनसेवा को राजनीति का आधार बनाया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से उनके आदर्शों को अपनाकर समाज और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

अध्यक्षीय संबोधन में भाजपा जिलाध्यक्ष काली प्रसाद ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी का जीवन प्रत्येक कार्यकर्ता के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उनके विचारों को जन-जन तक पहुंचाना ही संस्मरण पखवाड़ा मनाने का उद्देश्य है।

कार्यक्रम के संयोजक जिला मंत्री अरविंद पांडे 'बबुना' ने अतिथियों का स्वागत करते हुए कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत की, जबकि संचालन प्रमोद शाही ने किया। अंत में उपस्थित कार्यकर्ताओं ने डॉ. मुखर्जी के आदर्शों पर चलने और राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए संगठन को और अधिक सशक्त बनाने का संकल्प लिया।

इस अवसर पर जिला प्रभारी संतराज यादव, पूर्व जिलाध्यक्ष विजय कुमार दुबे, मारकंडे शाही, विशंभर मिश्रा, ऋतु शाही, अजय शाही, अजय कुमार दुबे, राजेश कुमार मिश्रा, श्रीनिवास मणि त्रिपाठी, कृष्णनाथ राय, नीरज शाही, डॉ. हेमंत मिश्रा, प्रभाकर तिवारी, सी.पी. सिंह, सुधीर श्रीवास्तव सहित भाजपा के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

----------------

   

सम्बंधित खबर