गोविंद देवजी मंदिर में नौ कुंडीय गायत्री महायज्ञ के साथ संस्कारोत्सव रविवार को
- Admin Admin
- Apr 19, 2025

जयपुर, 19 अप्रैल (हि.स.)। पाश्चात्य संस्कृति के अनुसार केक काटकर और मोमबत्ती बुझाने के बजाय भारतीय संस्कृति के अनुसार जन्मदिन संस्कार मनाने की परंपरा को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से आराध्य देव गोविंद देवजी मंदिर में रविवार को सुबह आठ से दस बजे तक संस्कारोत्सव-2025 का आयोजन किया जाएगा। इसमें जन्मदिन संस्कार को भारतीय तरीके से मनाने पर जोर दिया जाएगा। प्रायोगिक रूप से कई लोगों का जन्मदिन संस्कार मनाया भी जाएगा। मंदिर महंत अंजन कुमार गोस्वामी के सानिध्य में होने वाले संस्कारोत्सव को गायत्री शक्तिपीठ ब्रह्मपुरी की टोली संपन्न कराएंगी। मंदिर के सेवाधिकारी मानस गोस्वामी ने बताया कि इस मौके पर नौ कुंडीय निशुल्क गायत्री महायज्ञ का आयोजन भी किया जाएगा। यह संस्कार पूरी तरह निशुल्क होगा। किसी भी तरह के सामान लाने की आवश्यकता नहीं है। गायत्री परिवार राजस्थान के समन्वयक ओमप्रकाश अग्रवाल ने बताया कि गायत्री परिवार की ओर से सभी संस्कार शक्तिपीठों पर यज्ञ के साथ कराए जाते हैं। गोविंद देवजी मंदिर में भी हर रविवार को जन्मदिन और विवाह दिवस संस्कार मनाने का क्रम शुरू किया है। ज्यादा से ज्यादा लोगों को इसका लाभ उठाना चाहिए।
ऐसे मनाएंगे जन्मदिन संस्कार
सर्वप्रथम मानव देह प्राप्त होने का महत्व बताया जाएगा। इसके बाद पंचतत्व पृथ्वी, जल, आकाश, अग्नि और वायु का पूजन करवाया जाएगा। नौ कुंडीय गायत्री महायज्ञ में विशेष आहुतियां प्रदान करवाई जाएंगी। उपस्थित लोग पुष्प वर्षा कर आशीर्वाद प्रदान करेंगे। गायत्री परिवार की ओर से नि शुल्क उपहार प्रदान किए जाएंगे। इस मौके पर भविष्य में केक काटकर, मोमबत्ती बुझाकर जन्मदिन नहीं मनाने का संकल्प कराया जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश