केशियाड़ी में ‘सबुज साथी’ साइकिल बेचने का आरोप, स्कूल के चपरासी और प्रधानाध्यापक पर आरोप
- DSS Admin
- Jun 06, 2026
पश्चिम मेदिनीपुर, 06 जून (हि.स.)। पश्चिम बंगाल के पश्चिम मेदिनीपुर जिले के केशियाड़ी क्षेत्र में सरकारी ‘सबुज साथी’ योजना के तहत छात्रों को दी जाने वाली साइकिलों की बिक्री का आरोप सामने आने से लोग स्तब्ध है। आरोप स्कूल के एक चपरासी और प्रधानाध्यापक पर लगा है।
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार को स्थानीय लोगों को पता चला कि गांव के एक व्यक्ति के घर में कई ‘सबुज साथी’ साइकिलें रखी हुई हैं। जब ग्रामीणों ने इस बारे में पूछताछ की तो उस व्यक्ति ने क्षेत्र के दो साइकिल दुकानदारों का नाम बताया।
सूचना मिलने पर केशियाड़ी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दुकानदारों से पूछताछ की। ग्रामीणों का दावा है कि पूछताछ के दौरान पता चला कि साइकिलें स्कूल से जुड़े दो लोगों ने बेची थीं। इनमें से एक व्यक्ति स्थानीय स्तर पर प्रभावशाली तृणमूल कांग्रेस नेता बताए जा रहे हैं, जो स्कूल में चपरासी के तौर पर कार्यरत हैं।
शनिवार को मामला सार्वजनिक होते ही क्षेत्र में तनाव फैल गया। नाराज ग्रामीणों ने स्कूल के मुख्य द्वार पर ताला लगाकर विरोध प्रदर्शन किया। बाद में पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाकर स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
इस घटना को लेकर भाजपा ने राज्य सरकार और तृणमूल कांग्रेस पर निशाना साधा है। भाजपा का आरोप है कि सरकारी योजनाओं की सामग्री में भी भ्रष्टाचार हो रहा है और छात्रों को मिलने वाली साइकिलों का दुरुपयोग किया गया है। पार्टी ने मामले में दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की है।
हालांकि, इस मामले में स्कूल के प्रधानाध्यापक से संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन उनका पक्ष नहीं मिल सका। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
---------------

