सफाई के बाद सड़क पर कचरा फेंकने वाले दुकानदारों पर लगेगा जुर्माना

सारण, 18 मई (हि.स.)। नगर निगम द्वारा शहर को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित बनाने के लिए लगातार सफाई अभियान चलाया जा रहा है।

नगर आयुक्त ने बताया कि पिछले दिनों निरीक्षण और क्षेत्र भ्रमण के दौरान एक बेहद गंभीर मामला सामने आया है। देखने में आया है कि नगर निगम कर्मियों द्वारा मुख्य मार्गों और बाजार क्षेत्रों की पूरी तरह सफाई कर दिए जाने के बाद भी, कुछ स्थानीय दुकानदारों और प्रतिष्ठान संचालकों द्वारा दोबारा सड़क पर ही कचरा फेंक दिया जा रहा है। इस लापरवाही के कारण व्यापक स्तर पर की जा रही सफाई के बावजूद शहर की स्वच्छता प्रभावित हो रही है और चारों तरफ अस्वच्छता का माहौल बन रहा है।

नगर आयुक्त ने इस विषय को अत्यंत गंभीरता से लिया है। नगर निगम प्रशासन के अनुसार अब ऐसे दुकानदारों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को चिन्हित करने का कार्य तेजी से शुरू कर दिया गया है जो सफाई के बाद सार्वजनिक स्थलों पर गंदगी फैला रहे हैं।

नगर निगम प्रशासन ने सख्त लहजे में स्पष्ट कर दिया है कि सड़क पर कचरा फेंककर स्वच्छता व्यवस्था को बाधित करने वाले लोगों के विरुद्ध बिहार नगरपालिका अधिनियम एवं स्वच्छता नियमों के तहत कड़ी आर्थिक दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।

इसके साथ ही, छपरा नगर निगम ने आम नागरिकों और सभी व्यवसायियों से अपील की है कि वे शहर को सुंदर बनाए रखने में सहयोग करें। कचरे का सही निस्तारण सुनिश्चित करें और इसे केवल निगम के कचरा संग्रहण वाहनों में ही डालें।

---------------

   

सम्बंधित खबर