जालंधर | अपाहिज आश्रम नजदीक वर्कशॉप चौक में एडीसी (जनरल) अमनिंदर कौर बराड़ ने आश्रम का दौरा किया। चेयरमैन तरसेम कपूर ने उनका स्वागत किया। एडीसी बराड़ ने आश्रम में रह रहे वरिष्ठ नागरिकों एवं दिव्यांगजनों से बातचीत की और उनकी समस्याओं को समझने का प्रयास किया। उन्होंने यह भी जाना कि वे किन परिस्थितियों में आश्रम तक पहुंचे। उन्होंने विशेष रूप से वृद्धावस्था में आने वाली चुनौतियों एवं आश्रम द्वारा प्रदान की जा रही सुविधाओं की जानकारी भी ली। इस अवसर पर उन्होंने आश्रितों को फल भी वितरित किए। आश्रम की व्यवस्थाओं और सेवा-भाव से प्रभावित होकर अमनिंदर कौर बराड़ भावुक हो उठीं। उन्होंने अपाहिज आश्रम को ईश्वर का घर बताते हुए कहा कि यहां वरिष्ठ नागरिकों एवं दिव्यांगजनों को मिल रही सुविधाएं तथा सेवा कार्य बहुत ही सराहनीय हैं। उन्होंने यह भी कहा कि समाज के उपेक्षित एवं जरूरतमंद वर्गों की सेवा एक अत्यंत मानवीय कार्य है तथा प्रशासन की ओर से ऐसे प्रयासों को हरसंभव सहयोग प्रदान किया जाएगा। इस मौके रेडक्रॉस सोसायटी के सचिव डॉ. सुरजीत लाल भी मौजूद रहे।

