सांप काटने से 15 वर्षीय सरिता की मौत, सदर अस्पताल में परिजनों ने किया हंगामा
- DSS Admin
- Jun 29, 2026
सुपौल, 29 जून (हि.स.)। जिले में सदर प्रखंड के बैरिया गांव निवासी 15 वर्षीय किशोरी सरिता कुमारी की सांप काटने से मौत हो गई। सोमवार को इलाज के लिए उसे सदर अस्पताल सुपौल लाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
किशोरी की मौत के बाद परिजनों ने अस्पताल परिसर में विरोध किया और चिकित्सक पर लापरवाही का आरोप लगाया। मिली जानकारी के अनुसार बैरिया निवासी सरिता कुमारी को सांप ने काट लिया था। परिजन उसे इलाज के लिए सदर अस्पताल लेकर पहुंचे।
अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी स्थिति बिगड़ गई और करीब एक घंटे बाद उसकी मौत हो गई। मौत के बाद आक्रोशित परिजनों ने चिकित्सक पर इलाज में लापरवाही बरतने का आरोप लगाते हुए विरोध जताया।हंगामे की सूचना मिलने पर सदर थाना पुलिस को अस्पताल प्रशासन की ओर से सूचना दी गई।
पुलिस मौके पर पहुंची और आक्रोशित परिजनों को समझा-बुझाकर शांत कराया। इसके बाद परिजन शव लेकर घर चले गए। मृतका के परिजनों का आरोप था कि अस्पताल में समय पर बेहतर इलाज नहीं मिलने के कारण सरिता की जान चली गई। उनका कहना था कि अगर चिकित्सक द्वारा सही समय पर इलाज किया जाता तो उसकी जान बच सकती थी।
अस्पताल के चिकित्सक ने परिजनों के आरोपों को खारिज करते हुए बताया कि किशोरी को अस्पताल काफी गंभीर अवस्था में लाया गया था। चिकित्सक के अनुसार सांप काटने के बाद उसकी हालत पहले से ही काफी नाजुक थी। अस्पताल पहुंचने के बाद उसे आवश्यक इंजेक्शन और इलाज दिया गया, लेकिन करीब एक घंटे बाद उसकी मृत्यु हो गई। सूत्रों के अनुसार सांप काटने के बाद परिजनों ने घर पर ही काफी समय तक झाड़-फूंक कराया, जिसके कारण इलाज में देरी हुई।
चिकित्सकों का कहना है कि सांप काटने की स्थिति में मरीज को तुरंत अस्पताल पहुंचाना चाहिए, ताकि समय पर एंटी स्नेक वेनम सहित जरूरी उपचार दिया जा सके। घटना के बाद बैरिया गांव में शोक का माहौल है। परिजन किशोरी की मौत से सदमे में हैं। पुलिस ने मामले में स्थिति को शांत कराया और किसी तरह के विवाद को आगे बढ़ने से रोक दिया।

