छह नगा नागरिकों की हत्या में एसओओ समूह की भूमिका का आरोप: उप मुख्यमंत्री
- DSS Admin
- Jun 14, 2026
इंफाल, 14 जून, (हि.स.)। मणिपुर के उपमुख्यमंत्री लोसी डिखो ने रविवार को आरोप लगाया कि छह नगा नागरिकों के अपहरण और हत्या में सस्पेंशन ऑफ ऑपरेशंस (एसओओ) समझौते के तहत संचालित एक समूह शामिल था। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित करने की अपील की।
डिखो ने बताया कि छह नगा युवकों का 13 मई को अपहरण कर लिया गया था और बाद में उनके शव कांगपोकपी जिले से बरामद किए गए। उन्होंने घटना की कड़ी निंदा करते हुए राज्य में शांति और कानून-व्यवस्था बहाल करने के लिए प्रभावी कदम उठाने की आवश्यकता पर बल दिया।
इस बीच, मुख्यमंत्री वाई खेमचंद सिंह ने कहा कि मामले की जांच राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) को सौंप दी गई है। उन्होंने आश्वासन दिया कि जांच में दोषी पाए जाने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। मुख्यमंत्री ने अवैध हथियारों के समर्पण की आवश्यकता पर भी जोर देते हुए सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए अतिरिक्त कोबरा बटालियन तैनात किए जाने की घोषणा की।
राज्य सरकार ने पीड़ितों को न्याय दिलाने और मणिपुर में सामान्य स्थिति बहाल करने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई है।
-----------

