फौजी की बेटी ने आग लगा दी जान, परिजनों ने घर के बाहर शव रखकर आरोपितों पर कार्रवाई की मांग की
- DSS Admin
- Jun 30, 2026
औरैया, 30 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में औरैया जनपद के दिबियापुर थाना क्षेत्र में मंगलवार को एक पीड़ित परिवार ने बेटी का शव घर के बाहर रखकर आरोपितों पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की मांग करने लगे। पुलिस ने जब मुकदमा दर्ज किया तब परिजन अंतिम संस्कार को राजी हुए। इस परिवार का मुखिया फौज में है। फौजी की बेटी ने सोमवार कथित तौर पर ब्लैकमेलिंग, जबरन वसूली और धर्मांतरण के दबाव से परेशान होकर खुद को आग लगा ली थी। सैफई मेडिकल कॉलेज में देर रात को उसकी मृत्यु हो गई थी।
थाना प्रभारी सत्यप्रकाश ने मंगलवार काे यह बताया कि हरचंदपुर में रहने वाले फौजी की इस समय तैनाती लेह लद्दाख में है। यहां पर उनकी पत्नी अपने बेटे-बेटी के साथ रहती है। महिला के मुताबिक, सोमवार दोपहर जब वह बाजार गई थी और बेटा बाहर था, तभी बेटी ने पेट्रोल डालकर आग लगा ली। गंभीर हालत में उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां उसे आयुर्विज्ञान विश्वविद्यालय सैफई के लिए रेफर कर दिया गया। सोमवार देर रात को उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। मंगलवार दोपहर परिजन पोस्टमार्टम के बाद शव ले आए और घर के बाहर रख दिया। इसके बाद आरोपितों पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की मांग करने लगे। पीड़ित परिवार के साथ उसके रिश्तेदार और ग्रामीण के लोग भी मौजूद रहें। पुलिस पहुंची और परिवार काे समझाने लगी।
पीड़ित महिला ने दिबियापुर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराते हुए बताया कि हनी उर्फ ताह और अंकुर नाम के दो युवकों ने उनकी बेटी को अपने प्रेमजाल में फंसाया था। इन युवकों ने बेटी के अश्लील वीडियो बनाकर उसे वायरल करने की धमकी दे रहे थे। इस धमकी के एवज में उन्होंने कथित तौर पर 25 लाख रुपये नकद और जेवरात भी ऐंठ लिए थे। आरोपित हनी उर्फ ताह बेटी पर धर्म परिवर्तन करने का दबाव बना रहा था। धर्म परिवर्तन न करने पर उसकी अश्लील वीडियो वायरल करने की धमकी दी जा रही थी, जिससे परेशान होकर बेटी ने आत्मदाह कर लिया था। सैफई में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई थी। पीड़ित परिवार अब बेटी को न्याय दिलाने के आरोपितों पर कड़ी कार्रवाई चाहता है। ग्रामीणों की आक्रोश को देखकर पुलिस आत्महत्या के लिए उकसाने का मुकदमा दर्ज करने को तैयार हो गई, लेकिन धर्मांतरण के सबूत न होने के कारण धाराएं बढ़ाने में बच रही थी। काफी जद्दोजहद के बाद परिजनों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया गया।
थाना प्रभारी का कहना है कि मामला बेहत गंभीर है। इसकी जानकारी उच्च अधिकारियों को दे दी गई है। साथ ही साथ परिवार की तहरीर पर मामला दर्ज कर जांच की जा रही है। हमारी जिम्मेदारी है कि निष्पक्ष जांच कर परिवार को न्याय दिला सकें।
-------------------

