गुप्तकाशी, 02 जुलाई (हि.स.)। लगातार बारिश के चलते आज सुबह सोनप्रयाग–त्रियुगीनारायण मोटर मार्ग दो स्थानों पर भूस्खलन के कारण बंद हो गया। मार्ग पर भारी मात्रा में मलबा और पत्थर आने से यातायात पूरी तरह ठप हो गया। प्राप्त सूचना के अनुसार त्रियुगीनारायण में करीब 15 से 20 वाहन फंसे रहे, जिससे यात्रियों और स्थानीय लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सोनप्रयाग त्रियुगीनारायण के बीच कनार धार और बड़ा सांगू क्षेत्र में भारी मात्रा में मलबा और बोल्डर सड़क पर आ गए, जिससे मार्ग अवरुद्ध हो गया। सामाजिक कार्यकर्ता महेंद्र सेमवाल ने बताया कि सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और अपने स्तर पर सड़क से मलबा हटाकर मार्ग खोलने का प्रयास किया, लेकिन अत्यधिक मलबा होने के कारण सफलता नहीं मिल सकी। इसके बाद संबंधित निर्माण एजेंसी पीएमजीएसवाई के अभियंताओं को सूचना दी गई।
महेंद्र सेमवाल का कहना है कि इस दौरान त्रियुगीनारायण जा रहा लोडेड ट्रक भी काफी समय तक सड़क के बीचों बीच फंसा रहा। काफी देर बाद जेसीबी मौके पर पहुंचीं और मार्ग खोलने का कार्य शुरू किया गया। वहीं, पीएमजीएसवाई के अधिशासी अभियंता पवन कुमार ने बताया कि उन्हें मोटर मार्ग बंद होने की पूर्व सूचना नहीं मिली थी। जानकारी मिलते ही संबंधित अभियंताओं और तकनीकी टीम को मौके पर भेज दिया गया है।

