

सारण, 06 जुलाई (हि.स.)। जिले के विकास को एक नई ऊंचाई देते हुए सोनपुर आयोजना क्षेत्र प्राधिकार के प्रस्तावित द्वितीय विस्तार को सर्वसम्मति से स्वीकार कर लिया गया है। जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव की अध्यक्षता में आयोजित हितधारकों की एक बैठक में यह निर्णय लिया गया। पूर्व में प्राप्त सभी दावा-आपत्तियों के सफल निराकरण के बाद बुलाई गई इस बैठक के बाद, अब इस प्रस्ताव को अंतिम स्वीकृति और अधिसूचना के लिए नगर विकास एवं आवास विभाग को भेजा जाएगा।
इस नए विस्तार के तहत अब मकेर एवं अमनौर प्रखंडों को भी सोनपुर आयोजना क्षेत्र में शामिल कर लिया गया है। इस जुड़ाव के बाद इसका कुल क्षेत्रफल लगभग 800 वर्ग किलोमीटर हो जाएगा। इस बदलाव के साथ ही यह इलाका बिहार के सबसे विशाल आयोजना क्षेत्रों में से एक बन जाएगा, जिसके दायरे में कुल 575 राजस्व ग्राम और 3 शहरी प्रशासनिक इकाइयाँ शामिल होंगी। वर्ष 2023 में अधिसूचित इस क्षेत्र का दायरा 2025 में बढ़ाकर 600 वर्ग किमी किया गया था, जिसमें दरियापुर, दिघवारा, सोनपुर, गड़खा और परसा शामिल थे। अब इसमें 200 वर्ग किमी का अतिरिक्त क्षेत्र और जुड़ने जा रहा है।
बैठक में ऑनलाइन जुड़े सारण के सांसद राजीव प्रताप रूडी ने इस विज़न की सराहना करते हुए कहा कि यह विस्तारित क्षेत्र भविष्य में नया पटना के स्वरूप में विकसित होगा। उन्होंने जोर दिया कि इस महा-आयोजना में अन्नदाताओं के हितों का विशेष ध्यान रखते हुए विकास में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।
जिलाधिकारी ने बताया कि इस योजना का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र में प्रस्तावित हरिहरनाथपुरम ग्रीन फील्ड सैटेलाइट टाउनशिप, सोनपुर ग्रीन फील्ड एयरपोर्ट, हरिहरनाथ कॉरिडोर और फिल्म सिटी जैसी महत्वाकांक्षी परियोजनाओं को धरातल पर उतारना है। साथ ही, शेरपुर-दिघवारा ब्रिज और पटना रिंग रोड के किनारे हो रहे तीव्र विकास को सुव्यवस्थित कर स्थानीय स्तर पर बड़े पैमाने पर रोजगार सृजित करना है। इस बैठक में विधायक विनय सिंह, छोटी कुमारी सहित कई वरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

