गुवाहाटी, 06 जुलाई (हि.स.)। असम विधानसभा के बजट सत्र के दौरान सोमवार को सदन में कार्यवाही के बीच विधायक अखिल गोगोई और विधानसभा अध्यक्ष के बीच तीखी नोकझोंक देखने को मिली। सदन में बार-बार आपत्ति जताने पर विधानसभा अध्यक्ष ने अखिल गोगोई को सदन की कार्यवाही से संबंधित सर्वदलीय निर्णय पढ़कर सुनाया।
अध्यक्ष ने कहा कि सर्वदलीय बैठक में यह निर्णय लिया गया था कि मुख्यमंत्री, विधानसभा अध्यक्ष, उपाध्यक्ष तथा विपक्ष के नेता के सदन में बोलने के दौरान कोई भी विधायक हस्तक्षेप नहीं करेगा। अध्यक्ष ने सभी सदस्यों से इस निर्णय का पालन करने की अपील की।
हालांकि, अखिल गोगोई ने इस निर्णय पर भी आपत्ति जताई। उन्होंने कहा कि यदि यह नियम लागू किया गया है तो इसमें केवल मुख्यमंत्री, अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और विपक्ष के नेता ही नहीं, बल्कि मंत्रियों को भी शामिल किया जाना चाहिए।
इस दौरान सदन में कुछ समय के लिए तीखी बहस का माहौल बना रहा, जिसके बाद अध्यक्ष ने सदन की मर्यादा बनाए रखने और सर्वदलीय निर्णय का पालन करने पर जोर दिया।
---------

