प्रो बॉक्सिंग लीग : तालकटोरा स्टेडियम में आज से दिखेगा मुक्केबाजों का दम

नई दिल्ली, 07 जुलाई (हि.स.)। इंडियन एमेच्योर बॉक्सिंग फेडरेशन (आईएबीएफ) की प्रो बॉक्सिंग लीग का भव्य उद्घाटन सोमवार को तालकटोरा इंडोर स्टेडियम में हुआ। अब आज यानि मंगलवार से तालकटोरा स्टेडियम में लीग के मुकाबलों का रोमांच शुरू होगा, जिसमें देशभर के उभरते मुक्केबाज चार फ्रेंचाइज़ी टीमों की ओर से रिंग में उतरेंगे।

आईएबीएफ के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. राकेश मिश्र ने कहा कि यह लीग भारतीय मुक्केबाज़ी को नई पहचान देने के साथ-साथ वर्ष 2036 ओलंपिक को ध्यान में रखकर नई प्रतिभाओं को तैयार करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों का चयन पूरी तरह प्रदर्शन और प्रतिभा के आधार पर किया गया है।

दिल्ली विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता ने उद्घाटन समारोह में कहा कि प्रो बॉक्सिंग लीग भारतीय बॉक्सिंग के लिए नया अध्याय साबित होगी और इसके माध्यम से खिलाड़ियों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा।

आईएबीएफ के महासचिव राकेश ठाकरान ने बताया कि प्रतियोगिता 10 जुलाई तक प्रतिदिन आयोजित होगी। लीग के मुकाबलों का सीधा प्रसारण दूरदर्शन स्पोर्ट्स, जियोहॉटस्टार और अन्य डिजिटल मंचों पर किया जाएगा। दर्शकों के लिए टिकट बुकमायशो के माध्यम से उपलब्ध हैं।

आयोजन समिति के अनुसार खिलाड़ियों के आवास, भोजन, परिवहन और अन्य व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं। प्रतियोगिता के दौरान दिल्ली-एनसीआर के विद्यालयों और महाविद्यालयों के विद्यार्थियों को भी विशेष रूप से आमंत्रित किया जा रहा है, ताकि युवाओं में मुक्केबाज़ी के प्रति रुचि बढ़ाई जा सके।

---------------

   

सम्बंधित खबर