विवादित टिप्पणी मामले में पुलिस के सामने पेश हुए हुमायूं कबीर, रेजीनगर थाने में हुई पूछताछ

कोलकाता, 04 जुलाई (हि.स.)। आम जनता उन्नयन पार्टी के प्रमुख और नाओदा के विधायक हुमायूं कबीर शनिवार को अपने हालिया विवादित बयान से जुड़े मामले में पूछताछ के लिए मुर्शिदाबाद जिले के रेजीनगर थाने में पेश हुए। वह निर्धारित समय से कुछ मिनट पहले थाने पहुंचे।

थाने में प्रवेश करने से पहले हुमायूं कबीर ने पत्रकारों से कहा कि यदि उन्हें गिरफ्तार किया जाता है तो 100 से 120 लोग स्वेच्छा से गिरफ्तारी देंगे और इसके लिए सूची तैयार है।

गौरतलब है कि 26 जून को रेजीनगर में आयोजित आम जनता उन्नयन पार्टी की एक सभा में हुमायूं कबीर द्वारा भारतीय जनता पार्टी के खिलाफ दिए गए कथित विवादित बयान को लेकर मामला दर्ज किया गया था। इस संबंध में रेजीनगर और शक्तिपुर थानों में शिकायत दर्ज होने के बाद पुलिस ने उन्हें पूछताछ के लिए तलब किया था।

हुमायूं कबीर पर शक्तिपुर थाने के प्रभारी को कथित रूप से धमकी देने का भी आरोप है। इस मामले में उन्हें शुक्रवार को शक्तिपुर थाने में पेश होने के लिए कहा गया था, लेकिन वह वहां नहीं पहुंचे। इसके बाद शनिवार को वह रेजीनगर थाने में उपस्थित हुए।

इस मामले में मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी की चेतावनी के बाद पुलिस पहले ही आम जनता उन्नयन पार्टी के तीन नेताओं को गिरफ्तार कर चुकी है। गिरफ्तार नेताओं की पहचान गोलाम मुस्तफा, मोहम्मद अमीनुल हक और अनीसुर रहमान के रूप में हुई है। ये तीनों रेजीनगर की उस सभा के आयोजक बताए गए हैं, जिसमें कथित विवादित टिप्पणी की गई थी।

पुलिस के अनुसार, दोनों मामलों में दर्ज प्राथमिकी के आधार पर अलग-अलग अभियान चलाकर इन तीनों को गिरफ्तार किया गया था। शनिवार को हुमायूं कबीर की थाने में पेशी के दौरान रेजीनगर थाना परिसर के बाहर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए। इलाके में पुलिस ने ड्रोन के माध्यम से भी निगरानी की, जबकि पार्टी कार्यालय के बाहर सुबह से समर्थकों की भीड़ जुटी रही।

फिलहाल पुलिस हुमायूं कबीर से मामले में पूछताछ कर रही है और आगे की कार्रवाई जांच के आधार पर की जाएगी।

   

सम्बंधित खबर