यमुनानगर:नवविवाहिता से दुष्कर्म के आरोप में सौतेला पिता गिरफ्तार, न्यायिक हिरासत में भेजा
- Vijesh Sharma
- Jun 16, 2026

यमुनानगर, 16 जून यमुनानगर जिले के छप्पर थाना क्षेत्र में नवविवाहिता से दुष्कर्म के आरोप में पुलिस ने उसके सौतेले पिता को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को न्यायालय में पेश किए जाने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। थाना छप्पर प्रभारी अजय कुमार ने मंगलवार को बताया कि पीड़िता की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया था। शिकायत में महिला ने आरोप लगाया कि उसकी मां के पुनर्विवाह के बाद वह बचपन से अपने सौतेले पिता के साथ रह रही थी।
युवावस्था में पहुंचने के बाद आरोपी उसके प्रति अनुचित व्यवहार करने लगा और विरोध करने पर भय का माहौल बनाकर उसे चुप रहने के लिए मजबूर करता रहा। पीड़िता के अनुसार अप्रैल माह में उसका विवाह हो गया था और वह अपने ससुराल में रहने लगी। आरोप है कि लगभग एक माह पूर्व मायके आने के दौरान सौतेले पिता ने उसे अकेला पाकर जबरन दुष्कर्म किया तथा घटना का खुलासा करने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी। इसके बाद वह वापस ससुराल लौट गई, लेकिन आरोपी द्वारा लगातार फोन पर दबाव और धमकियां दिए जाने का सिलसिला जारी रहा।
महिला ने अंततः पूरी घटना की जानकारी अपने पति को दी, जिसके बाद पुलिस से संपर्क किया गया। शिकायत प्राप्त होने पर थाना छप्पर में संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई। मामले की जांच के लिए उपनिरीक्षक रुचि के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपी को न्यायालय में प्रस्तुत करने के उपरांत न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है।
---------------

