आंधी ने रोकी रेल की रफ्तार, पेड़ गिरने से ओएचई वायर टूटा, कई ट्रेनें डायवर्ट
- DSS Admin
- May 29, 2026
सीवान, 29 मई (हि.स.)। शुक्रवार की सुबह आई तेज आंधी और बारिश ने रेल परिचालन की रफ्तार पर ब्रेक लगा दिया। गोरखपुर-सीवान रेलखंड के गौरी बाजार के समीप रेल ट्रैक पर पेड़ गिरने से ओएचई वायर टूट गया, जिससे ट्रेनों का परिचालन बुरी तरह प्रभावित हो गया।
रेल प्रशासन के अनुसार तकनीकी बाधा के कारण कई महत्वपूर्ण ट्रेनों का रूट बदलना पड़ा। 15708 आम्रपाली एक्सप्रेस, 15652 लोहित एक्सप्रेस, 02570 नई दिल्ली-दरभंगा स्पेशल तथा 02564 नई दिल्ली-बरौनी ट्रेन को कप्तानगंज-थावे होते हुए सीवान मार्ग से डायवर्ट कर चलाया गया।
तेज आंधी के चलते कई ट्रेनों को अलग-अलग स्टेशनों पर रोकना पड़ा, जिससे यात्री घंटों परेशान रहे। 15028 मौर्य एक्सप्रेस करीब साढ़े तीन घंटे, गोरखपुर-छपरा सवारी गाड़ी डेढ़ घंटे, 15034 पाटलिपुत्र एक्सप्रेस एक घंटे तथा 15566 वैशाली एक्सप्रेस लगभग एक घंटे विलंब से चली।
आंधी थमने के बाद रेल प्रशासन ने ट्रैक और ओएचई लाइन की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि मरम्मत कार्य पूरा होते ही परिचालन सामान्य कर दिया जाएगा।
---------------

