फारबिसगंज अनुमंडलीय अस्पताल में महिलाओं के चिकित्सा के लिए अलग व्यवस्था का हुआ शुभारंभ
- DSS Admin
- May 12, 2026
अररिया 12 मई(हि.स.)।फारबिसगंज अनुमंडलीय अस्पताल में महिलाओं को बेहतर चिकित्सीय सुविधा को लेकर विशेष व्यवस्था के तहत महिला से संबंधित बीमारियों के इलाज के लिए विशेष व्यवस्था का शुभारम्भ मंगलवार को किया गया।अनुमंडलीय अस्पताल के अलग बिल्डिंग में महिलाओं को ओपीडी से लेकर प्रसव और अन्य चिकित्सीय सुविधा एक हो छत के नीचे उपलब्ध होगी।
इसका शुभारम्भ सिविल सर्जन डॉ के.के.कश्यप, डीपीएम संतोष कुमार,वरिष्ठ चिकित्सक डॉ अजय कुमार सिंह,अस्पताल उपाधीक्षक डॉ आशुतोष कुमार,अस्पताल प्रबंधक प्रवीण कुमार ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया।मौके पर अस्पताल में प्रतिनियुक्त सभी चिकित्सक समेत जीएनएम और एएनएम के साथ अस्पताल के स्वास्थ्यकर्मी मौजूद रहे।
मौके पर जानकारी देते हुए सिविल सर्जन ने बताया कि जिले में बेहतर चिकित्सीय सुविधा के मद्देनजर अनुमंडलीय अस्पताल में महिलाओं के इलाज के लिए अलग चिकित्सीय व्यवस्था की शुरुआत फारबिसगंज से की गई है।जहां महिलाओं के ओपीडी से लेकर रूटीन चेकअप,फैमिली प्लानिंग कॉर्नर, लैब कलेक्शन,टीकाकरण,प्रसव सहित सारी सुविधाएं एक ही छत के नीचे मुहैया कराया जाएगा।
उन्होंने कहा कि जिला में बेहतर चिकित्सीय सुविधा को लेकर लगातार सकारात्मक प्रयास किए जा रहे है और कमियों को दूर कर बेहतर बनाने का प्रयास किया जा रहा है।उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में अन्य चिकित्सीय सुविधा भी अस्पताल को उपलब्ध कराया जाएगा।

