सत्र की भूमि पर कब्जा करने वालों के खिलाफ कड़ा कानून बने : विधानसभा अध्यक्ष

बरपेटा (असम), 23 मई (हि.स.)। असम विधानसभा के अध्यक्ष रंजीत कुमार दास ने सत्र (मठ) की भूमि पर अवैध कब्जा करने वालों के खिलाफ कड़ा कानून बनाने की मांग की है। उन्होंने आज पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि जो लोग सत्र की जमीन पर कब्जा करके बैठे हैं, उन्हें स्वेच्छा से भूमि खाली कर देनी चाहिए, अन्यथा भविष्य में केवल बेदखली ही नहीं, बल्कि कठोर कानून बनाकर उन्हें दंडित भी किया जाना चाहिए।

असम विधानसभा अध्यक्ष निर्वाचित होने के बाद शनिवार को अपनी पत्नी के साथ बरपेटा सत्र पहुंचे रंजीत कुमार दास ने यह बात कही। उन्होंने कहा कि सत्र की भूमि पर अतिक्रमण असम की सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत के लिए गंभीर चिंता का विषय है।

उन्होंने सत्र भूमि पर अवैध कब्जे की स्थायी समस्या के समाधान के लिए कड़े कानून की आवश्यकता पर जोर देते हुए कहा कि अतिक्रमणकारियों को सजा देने की व्यवस्था होनी चाहिए ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

उन्होंने कहा कि सत्रों की भूमि और धार्मिक संस्थानों की संपत्तियों की सुरक्षा के लिए सरकार को सख्त कदम उठाने चाहिए।

-----------

   

सम्बंधित खबर