आंगनवाड़ी केंद्र से चावल चोरी का आरोप महिला कर्मी पर, इलाके में हंगामा
- DSS Admin
- Jun 04, 2026
सिलीगुड़ी, 04 जून (हि. स.)। सिलीगुड़ी के दो नंबर डाबग्राम अंचल के फकदईबाड़ी इलाके में एक आंगनबाड़ी केंद्र से चावल चोरी के आरोप को लेकर गुरुवार को हड़कंप मच गया। आरोप है कि केंद्र की एक महिला कर्मी प्लास्टिक बैग में चावल भरकर टोटो से कहीं ले जा रही थी। स्थानीय लोगों को शक होने पर उन्होंने जांच की और महिला को कथित तौर पर रंगे हाथ पकड़ लिया। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया।
बताया जा रहा है कि उसके पास से चावल से भरा बैग भी बरामद हुआ। इलाके में हंगामा की खबर पाकर आशिघर चौकी की पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने आरोपित महिला को पूछताछ के लिए हिरासत में ले लिया है।
स्थानीय लोगों का दावा है कि महिला के खिलाफ पहले से ही बच्चों के भोजन सामग्री चोरी करने के आरोप लगते रहे हैं, हालांकि आरोपित महिला ने सभी आरोपों से इनकार किया है। पुलिस का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है।

