पहली वाम मोर्चा सरकार की वर्षगांठ पर सुजन चक्रवर्ती ने ताजा की यादें

कोलकाता, 21 जून (हि.स.)। पश्चिम बंगाल में वाम मोर्चा सरकार की स्थापना को याद करते हुए सीपीएम के वरिष्ठ नेता और प्रवक्ता सुजन चक्रवर्ती ने शनिवार को सोशल मीडिया पर एक भावुक संदेश साझा किया। यह दिन राज्य की राजनीति के इतिहास में एक महत्वपूर्ण मोड़ के रूप में देखा जाता है, जब 21 जून 1977 को कॉमरेड ज्योति बसु के नेतृत्व में पहली बार वाम मोर्चा सरकार का गठन हुआ था।

सुजन चक्रवर्ती ने एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर लिखा - 21 जून 1977 - आज ही के दिन पश्चिम बंगाल के इतिहास में एक स्वर्ण युग की शुरुआत हुई थी। इस दिन पहली बार वाम मोर्चा सरकार ने कॉमरेड ज्योति बसु के नेतृत्व में अपने ऐतिहासिक सफर की शुरुआत की थी। यह केवल एक सरकार का गठन नहीं था, बल्कि यह जनता की जीत, संघर्षो की परिणति और श्रमजीवी वर्ग की आकांक्षाओं की अभिव्यक्ति थी।”

उन्होंने आगे लिखा - “मैं आज के दिन श्रद्धा के साथ उन तमाम शहीदों, कॉमरेड्स और मेहनतकश जनता को स्मरण करता हूं, जिनके संघर्ष, त्याग और बलिदान ने वाम मोर्चा सरकार की नींव रखी। यह सरकार उन लोगों की उम्मीदों की प्रतीक बनी, जिन्होंने भूमि सुधार, मजदूर अधिकार, और सामाजिक न्याय के लिए लड़ाइयां लड़ी।”

हिन्दुस्थान समाचार / अनिता राय

   

सम्बंधित खबर