सौमित्र खां की पूर्व पत्नी सुजाता मंडल ने छोड़ा तृणमूल, दबाव डालकर पार्टी में शामिल किए जाने का लगाया आरोप
- DSS Admin
- May 13, 2026
बांकुड़ा, 14 मई (हि.स.)। पश्चिम बंगाल के बांकुड़ा जिले में तृणमूल कांग्रेस की नेता सुजाता मंडल ने पार्टी छोड़ दी है। उन्होंने बांकुड़ा जिला परिषद की मत्स्य और पशु संसाधन स्थायी समिति के कार्याध्यक्ष पद से भी इस्तीफा दे दिया है।
बुधवार को सुजाता मंडल ने बताया कि वह दो साल पहले ही पार्टी छोड़ना चाहती थीं। उन्होंने कहा कि इसके पीछे दो कारण थे—आरजी कर अस्पताल की घटना और सड़क पर एक शिक्षक की पिटाई की घटना।
सुजाता का कहना है कि वह कभी भी भाजपा छोड़कर तृणमूल में शामिल होना नहीं चाहती थीं। उनके अनुसार, कठिन समय में भी वह भाजपा के साथ थीं, लेकिन तृणमूल की ओर से उन पर और उनके परिवार पर तरह-तरह का दबाव बनाया गया था। उसी दबाव से बचने के लिए उन्हें तृणमूल में शामिल होना पड़ा।
हालांकि उन्होंने साफ कहा कि अभी वह किसी भी राजनीतिक दल में शामिल नहीं होंगी।
साल 2019 के लोकसभा चुनाव के दौरान सुजाता मंडल काफी चर्चा में आई थीं। उस समय वह भाजपा में थीं और विष्णुपुर सीट से उम्मीदवार बने उनके पति सौमित्र खां कानूनी कारणों से अपने क्षेत्र में प्रचार नहीं कर पा रहे थे। तब सुजाता ने उनके लिए जोरदार प्रचार किया था।
लेकिन 2021 के विधानसभा चुनाव से पहले सुजाता तृणमूल कांग्रेस में शामिल हो गईं और बाद में उनका सौमित्र खां से तलाक भी हो गया। 2021 में तृणमूल ने उन्हें आरामबाग विधानसभा सीट से उम्मीदवार बनाया, लेकिन वह चुनाव हार गईं।
इसके बाद 2023 के पंचायत चुनाव में तृणमूल के टिकट पर जीतकर वह बांकुड़ा जिला परिषद की सदस्य बनीं। 2024 के लोकसभा चुनाव में तृणमूल ने उन्हें विष्णुपुर सीट से उनके पूर्व पति सौमित्र खां के खिलाफ उम्मीदवार बनाया, लेकिन उस चुनाव में भी उन्हें हार का सामना करना पड़ा।
अब राज्य में सत्ता परिवर्तन के बाद सुजाता मंडल ने तृणमूल कांग्रेस से इस्तीफा दे दिया है।
---------------

