पुलिसकर्मियों को चोट नहीं लगने देंगे, जनता और पुलिस दोनों की सुरक्षा सरकार की जिम्मेदारी : मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी

कोलकाता, 17 जून (हि. स.)। मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने कहा है कि उनकी सरकार आम लोगों के साथ-साथ पुलिसकर्मियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि अब ऐसी स्थिति नहीं आने दी जाएगी जिसमें पुलिसकर्मियों को हमलों का शिकार होकर अस्पताल जाना पड़े। राज्य सरकार पुलिस बल को अधिक सक्षम, आधुनिक और आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में काम कर रही है।

बुधवार को पश्चिम बंगाल पुलिस और केंद्रीय गृह मंत्रालय के अधीन राष्ट्रीय रक्षा विश्वविद्यालय के बीच एक समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए गए। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने पुलिस बल की क्षमता और बुनियादी ढांचे के विकास को सरकार की प्राथमिकता बताया।

शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि एक समय पश्चिम बंगाल पुलिस की कार्यकुशलता देश में मिसाल मानी जाती थी। उन्होंने याद दिलाया कि कोलकाता पुलिस की तुलना कभी अंतरराष्ट्रीय स्तर की पुलिस एजेंसियों से की जाती थी। हालांकि उन्होंने आरोप लगाया कि पिछली सरकार ने पुलिस बल की क्षमताओं का समुचित उपयोग नहीं किया और उसके आधुनिकीकरण पर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार पुलिस बल को इस तरह तैयार करेगी कि पुलिसकर्मियों की सुरक्षा पूरी तरह सुनिश्चित हो सके। उन्होंने कहा कि जनता की सुरक्षा और पुलिस की सुरक्षा, दोनों ही सरकार की समान जिम्मेदारी हैं और सरकार इस दायित्व को पूरी गंभीरता से निभाएगी।

उन्होंने यह भी कहा कि राज्य पुलिस को केंद्रीय बलों पर निर्भर रहने की आवश्यकता न पड़े, इसके लिए उसे अधिक आत्मनिर्भर और तकनीकी रूप से सक्षम बनाया जाएगा। राष्ट्रीय रक्षा विश्वविद्यालय के साथ हुआ समझौता इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि पूर्ववर्ती सरकार के दौरान पुलिस बल को आवश्यक प्रशिक्षण, आधुनिक उपकरण और आत्मरक्षा के संसाधन पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध नहीं कराए गए। उन्होंने कहा कि बल में क्षमता की कमी नहीं थी, लेकिन उसे बेहतर ढंग से विकसित करने के लिए जरूरी कदम नहीं उठाए गए।

पुलिस बल में रिक्त पदों को भरने का आश्वासन देते हुए शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि सरकार भर्ती प्रक्रिया में और अधिक पारदर्शिता लाने के लिए काम कर रही है। उन्होंने बताया कि प्रशिक्षण प्राप्त कर चुके 16 हजार कांस्टेबलों को भी जल्द सेवा में लगाने की दिशा में पहल की जा रही है। साथ ही पुलिस बल को आधुनिक उपकरण और संसाधन उपलब्ध कराने के लिए सरकार हर संभव सहयोग देगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पुलिस बल को अधिक सक्षम, पेशेवर और आधुनिक बनाकर जनता का विश्वास और सुरक्षा दोनों सुनिश्चित किए जाएंगे।

   

सम्बंधित खबर