12 वर्षों में भारत बना विश्व की अग्रणी शक्ति, कांग्रेस ने हिमाचल को विकास से किया वंचित : दुष्यंत कुमार गौतम

मंडी, 15 जून (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री एवं पूर्व राज्यसभा सांसद दुष्यंत कुमार गौतम ने मंडी में आयोजित विकसित भारत संकल्प सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछले 12 वर्षों में देश ने विकास के नए आयाम स्थापित किए हैं। सड़कों के निर्माण, गरीब कल्याण योजनाओं, किसानों, युवाओं और महिलाओं के उत्थान के लिए अनेक ऐतिहासिक कार्य किए गए हैं। भारत आज तकनीक, आधारभूत ढांचे और नवाचार के क्षेत्र में विश्व में अपनी अलग पहचान बना रहा है।

उन्होंने कहा कि एक समय भारत को विश्व में अलग दृष्टि से देखा जाता था, लेकिन आज भारत एक उभरती हुई वैश्विक शक्ति के रूप में स्थापित हो चुका है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश का गौरव विश्व मंच पर बढ़ा है। आज भारत चंद्रमा तक पहुंच चुका है, जी-20 की सफल अध्यक्षता कर चुका है तथा वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट जैसी योजनाओं के माध्यम से स्थानीय उत्पादों को वैश्विक पहचान दिलाई जा रही है।

दुष्यंत कुमार गौतम ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का संकल्प निश्चित रूप से पूरा होगा और देश का प्रत्येक नागरिक इसमें सहभागी बनेगा। उन्होंने कहा कि पहले कहा जाता था कि विकास के लिए संसाधन नहीं हैं, लेकिन मोदी सरकार ने यह सिद्ध किया है कि इच्छाशक्ति और पारदर्शिता से देश को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया जा सकता है।

हिमाचल प्रदेश की कांग्रेस सरकार पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार लगातार प्रदेश की सहायता कर रही है, लेकिन राज्य सरकार केंद्र से प्राप्त धन का सही हिसाब देने में विफल रही है। उन्होंने कहा कि वे उत्तराखंड के प्रभारी हैं और उत्तराखंड तथा हिमाचल प्रदेश दोनों पर्वतीय राज्यों की परिस्थितियों को निकटता से देखते हैं। उत्तराखंड में विकास कार्य तेज गति से आगे बढ़ रहे हैं, जबकि हिमाचल प्रदेश में विकास की रफ्तार थम गई है। आपदा के समय भी उत्तराखंड सरकार त्वरित कार्रवाई करती है, जबकि हिमाचल में आपदा प्रभावितों को अनेक कठिनाइयों का सामना करना पड़ा।

उन्होंने कहा कि हाल ही में हुए नगर निगम चुनावों के परिणामों ने भी प्रदेश सरकार के प्रति जनता की नाराजगी को स्पष्ट कर दिया है। कांग्रेस सरकार जनता को गुमराह करने और विभिन्न वर्गों के साथ वादाखिलाफी करने का कार्य कर रही है।

---------------

   

सम्बंधित खबर