भीषण गर्मी में इंसानों के साथ बेजुबान पशु-पक्षियों का भी रखें ख्याल : जिलाधिकारी

कानपुर, 21 मई (हि.स.)। भीषण गर्मी और हीटवेव के इस दौर में इंसानों के साथ बेजुबान पशु-पक्षियों का भी ध्यान रखना जरूरी है। घरों, दुकानों और आसपास सुरक्षित स्थानों पर पानी से भरे सकोरे रखने का छोटा प्रयास भी कई जीवों के लिए जीवनदायी साबित हो सकता है। यह बातें गुरुवार को जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने कहीं।

भीषण गर्मी और हीटवेव को देखते हुए गुरुवार को कानपुर प्रशासन की ओर से कई मानवीय पहल की गईं। कलेक्ट्रेट परिसर में पक्षियों के लिए पानी से भरे सकोरे रखवाए गए। वहीं तेज धूप में लगातार ड्यूटी कर रहे ट्रैफिक पुलिसकर्मियों, होमगार्ड और पीआरडी जवानों को ठंडे पानी की बोतलें और ओआरएस वितरित किए गए। इसके साथ ही कानपुर रेलवे स्टेशन पर रेड क्रॉस वालिंटियर्स ने यात्रियों और आमजन को हीटवेव से बचाव के उपाय बताए गये।

जिलाधिकारी ने कहा कि मई माह के अंतिम सप्ताह में लगातार बढ़ रहे तापमान और मौसम विभाग के हीटवेव अलर्ट को देखते हुए सभी लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है। उन्होंने लोगों से अपील की कि अपने घरों, छतों, दुकानों और आसपास सुरक्षित स्थानों पर पानी से भरे सकोरे अवश्य रखें, जिससे पक्षियों, गिलहरियों और अन्य जीव-जंतुओं को राहत मिल सके। उन्होंने कहा कि दोपहर के समय अनावश्यक बाहर न निकलें और बच्चों एवं बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखें।

डीएम के निर्देश पर जनसहयोग से करीब एक हजार ठंडे पानी की बोतलें और ओआरएस की व्यवस्था कर विभिन्न चौराहों और ड्यूटी प्वाइंट्स पर तैनात जवानों को वितरित किए गए। प्रशासन ने कहा कि सार्वजनिक सेवाओं में लगे कर्मियों की सुरक्षा और स्वास्थ्य प्राथमिकता में है।

रेड क्रॉस सोसायटी के सचिव आरके सफ्फड़ के नेतृत्व में वालिंटियर्स ने रेलवे स्टेशन पर लोगों को सिर ढककर निकलने, पर्याप्त पानी पीने और ओआरएस का सेवन करने की सलाह दी। वालिंटियर्स ने हीट स्ट्रोक के लक्षणों और प्राथमिक उपचार के तरीकों की जानकारी भी दी। जिलाधिकारी ने लोगों से जरूरतमंदों की सहायता करने की भी अपील की।

   

सम्बंधित खबर