पश्चिम बर्दवान, 17 जून (हि. स.)। जिले के बाराबनी क्षेत्र में वर्ष 2021 के विधानसभा चुनाव के बाद हुई हिंसा के एक मामले में तृणमूल कांग्रेस नेता इंद्रजीत सिंह उर्फ पिंटू सिंह को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। इंद्रजीत सिंह, बाराबनी ब्लॉक तृणमूल कांग्रेस अध्यक्ष असित सिंह के भाई बताए जा रहे हैं।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, लंबे समय से चल रही जांच के आधार पर मंगलवार को गिरफ्तारी की गई। बुधवार को आरोपित को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच आसनसोल जिला अदालत में पेश किया गया। अदालत परिसर में किसी भी अप्रिय स्थिति से बचने के लिए पुलिस और केंद्रीय बलों की विशेष तैनाती की गई थी।
स्थानीय सूत्रों का दावा है कि 2021 के चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद क्षेत्र में हुई कई हिंसक घटनाओं में इंद्रजीत सिंह का नाम सामने आया था। हालांकि, इस मामले में आरोपित या उसके परिवार की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
पुलिस ने अदालत से आरोपित को सात दिनों की पुलिस हिरासत में देने की मांग की है।
इस गिरफ्तारी के बाद बाराबनी क्षेत्र के राजनीतिक हलकों में हलचल तेज हो गई है।
उल्लेखनीय है कि पिछले एक महीने से अधिक समय के दौरान 2021 के चुनाव बाद हिंसा और अन्य मामलों में पश्चिम बर्दवान जिले के कई तृणमूल नेताओं की गिरफ्तारी की कार्रवाई की गई है।
---------------

