कोलकाता में सड़क जाम कर मंच के लिए जमीन मापने पर तृणमूल नेताओं के खिलाफ एफआईआर
- DSS Admin
- Jun 29, 2026
कोलकाता, 29 जून (हि.स.)। कोलकाता पुलिस ने तृणमूल कांग्रेस के कुछ प्रमुख नेताओं के खिलाफ हेयर स्ट्रीट थाने में एफआईआर दर्ज की है।
आरोप है कि 21 जुलाई कार्यक्रम के मंच निर्माण की तैयारी के दौरान नेताओं ने सड़क घेरकर यातायात व्यवस्था बाधित की, जिससे आम लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, रविवार 28 जून को दोपहर करीब 2:50 बजे से शाम चार बजे तक बेंटिंक स्ट्रीट इलाके में तृणमूल विधायक कुणाल घोष, राज्यसभा सांसद डोला सेन, अधिवक्ता वैश्वानर चटर्जी सहित कई लोग प्रशासन की अनुमति के बिना सड़क पर एकत्र हुए थे। इस दौरान पुलिस को यातायात नियंत्रित करने में कठिनाई हुई और इलाके में जाम की स्थिति बन गई। इसी घटना को आधार बनाकर सोमवार को कोलकाता पुलिस ने हेयर स्ट्रीट थाना में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 285 के तहत मामला दर्ज किया। यह धारा सार्वजनिक मार्ग अवरुद्ध कर प्रदर्शन करने जैसे मामलों में लागू होती है।
पुलिस ने बताया कि घटना के दौरान ट्रैफिक सिग्नल के वीडियो फुटेज, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच शुरू कर दी गई है। जांच की प्रगति के अनुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इस संबंध में कोलकाता पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने नाम न प्रकाशित करने की शर्त पर कहा कि मामले की जांच जारी है।
---------------

