कूचबिहार, 19 जून (हि. स.)। जिले के मेखलीगंज इलाके में स्थित उचुलपुकुरी प्राथमिक विद्यालय में एक शिक्षक पर तीसरी कक्षा के छात्र को लाठी से पीटने का आरोप लगा है। घटना के विरोध में शुक्रवार को अभिभावकों ने स्कूल में जोरदार प्रदर्शन किया।
अभिभावकों के अनुसार, गुरुवार को मिड-डे स्कूल के दौरान सहायक शिक्षक मिहिर साहा ने छात्र परवेज मियां को लकड़ी की छड़ी से पीठ पर मारा। घर पहुंचकर छात्र ने रोते हुए पूरी घटना अपने परिवार को बताई।
घटना के विरोध में शुक्रवार को अभिभावकों ने स्कूल में जोरदार प्रदर्शन किया।
उनका कहना है कि गलती होने पर अभिभावकों को बुलाकर बात की जानी चाहिए थी, न कि इस तरह मारपीट की जानी चाहिए।
वहीं, शिक्षक मिहिर साहा का कहना है कि कक्षा में छात्र काफी शोर कर रहे थे। कई बार समझाने के बाद भी नहीं माने, इसलिए उन्होंने यह कदम उठाया। स्कूल के प्रधानाध्यापक पार्थ दास ने भी कहा कि अनुशासन बनाए रखने के लिए शिक्षक ने छात्र को मारा था। उन्होंने घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए भविष्य में ऐसी घटनाएं न दोहराने की चेतावनी दी है।

