उदयपुर में बीकानेर की तेजस्वी ने लहराया परचम, तीन पदक जीतकर किया नाम रोशन
- DSS Admin
- Jul 05, 2026
उदयपुर/बीकानेर, 05 जुलाई (हि.स.)। उदयपुर में आयोजित सब जूनियर राज्य स्तरीय तैराकी प्रतियोगिता में बीकानेर की होनहार तैराक तेजस्वी पालीवाल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जिले और प्रदेश का गौरव बढ़ाया है।
जिला तैराकी संघ, बीकानेर के सचिव शशांक शेखर जोशी ने जानकारी देते हुए बताया कि तेजस्वी ने प्रतियोगिता की 400 मीटर फ्री स्टाइल स्पर्धा में स्वर्ण पदक, 100 मीटर फ्री स्टाइल स्पर्धा में भी स्वर्ण पदक तथा 200 मीटर फ्री स्टाइल स्पर्धा में कांस्य पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर तेजस्वी के कोच नवीन सेवग एवं वरिष्ठ कोच गिरिराज जोशी ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि निरंतर कठिन अभ्यास, अनुशासन और समर्पण का यह शानदार परिणाम है। उन्होंने विश्वास जताया कि तेजस्वी भविष्य में राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी बीकानेर का नाम गौरवान्वित करेंगी।
जिला तैराकी संघ, बीकानेर के अध्यक्ष हीरालाल हर्ष ने तेजस्वी पालीवाल को इस शानदार सफलता पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कोचिंग टीम एवं अभिभावकों के योगदान की भी सराहना की।
संघ के सचिव शशांक शेखर जोशी ने कहा कि यह उपलब्धि न केवल तेजस्वी की व्यक्तिगत सफलता है, बल्कि बीकानेर में तैराकी खेल के निरंतर विकास और खिलाड़ियों की मेहनत का भी प्रमाण है। उन्होंने कहा कि जिला तैराकी संघ भविष्य में भी प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को हरसंभव प्रोत्साहन एवं बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध रहेगा।
---------------

