उप्र में लगातार हो रही बारिश से गिरा तापमान

कानपुर, 14 सितम्बर (हि.स.)। बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव के क्षेत्र के साथ ही समुद्री तूफान यागी का असर उत्तर प्रदेश में बराबर पड़ रहा है। इससे मानसून की सक्रियता बनी हुई और लगातार बारिश हो रही है, जिससे तापमान में गिरावट आ गई है। सामान्य से एक डिग्री सेल्सियस नीचे चला गया। मौसम विभाग का कहना है कि उत्तर प्रदेश में अभी बारिश का दौर चलता रहेगा।

चन्द्रशेखर आजाद कृषि प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक डॉ. एस एन सुनील पाण्डेय ने शनिवार को बताया कि मध्य उत्तर प्रदेश पर बना डिप्रेशन (अवदाब) अब उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ गया है। यह सुस्पष्ट निम्न दबाव का क्षेत्र पूरे उत्तर प्रदेश को कवर कर रहा है जिससे मानसून की सक्रियता बरकरार है। इसके अलावा बुन्देलखण्ड के रास्ते समुद्री तूफान यागी भी उत्तर प्रदेश के मौसम को प्रभावित कर रहा है। यागी के प्रभाव से आसमान में बादलों की आवाजाही तेज हो रही है और बारिश के साथ तेज हवाएं भी चल रही हैं। बादलों की टकराहट से मेघगर्जन के साथ आकाशीय बिजली भी चमक रही है। यह स्थिति 20 सितम्बर तक बनी रहेगी और इसके बाद बंगाल की खाड़ी में एक और निम्न दबाव का क्षेत्र विकसित होगा जिससे पूरे सितम्बर माह में उत्तर प्रदेश में बारिश का सिलिसिला बने रहने की संभावना है। लगातार हो रही बारिश से लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिल रही है और तापमान सामान्य से नीचे चला गया है।

उन्होंने बताया कि अधिकतम तापमान 33.0 और न्यूनतम तापमान 23.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सुबह की सापेक्षिक आर्द्रता 83 और दोपहर की सापेक्षिक आर्द्रता 66 प्रतिशत रही। हवाओं की दिशाएं उत्तर रहीं जिनकी औसत गति 5.7 किमी प्रति घंटा रही। मौसम पूर्वानुमान के अनुसार अगले पांच दिनों में हल्के बादल छाए रहेंगे। इस दौरान मध्य तेज हवाओं एवं गरज चमक के साथ स्थानीय स्तर पर हल्की से मध्यम वर्षा होने के आसार हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / अजय सिंह

   

सम्बंधित खबर