रजरप्पा से लापता हुई लड़की को लेकर बढ़ता जा रहा दो संप्रदाय में तनाव
- Admin Admin
- Feb 21, 2025

रामगढ़, 21 फ़रवरी (हि.स.)। रामगढ़ जिले के रजरप्पा थाना क्षेत्र से लापता हुई 28 वर्षीय लड़की को लेकर दो संप्रदायों में तनाव बढ़ता जा रहा है। एक तरफ जहां लड़की के घर वाले और समाज के लोग उतावले हो रहे हैं, वहीं दूसरे समुदाय के लड़के के परिवार वाले भी दहशत में हैं। यह मुद्दा तब और ज्यादा चर्चित हुआ जब शुक्रवार को गिरिडीह सांसद चंद्रप्रकाश चौधरी ने इस मामले पर टिप्पणी कर दी। उन्होंने पुलिस को 72 घंटे का अल्टीमेटम दिया है। साथ ही यह भी कहा है कि लड़की वापस नहीं आ रही है जिसे लेकर समाज में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। अगर किसी भी तरह का विवाद होता है तो उसकी जिम्मेदारी पुलिस प्रशासन की होगी।
रजरप्पा थाना क्षेत्र के चितरपुर की एक लड़की खुशबू (काल्पनिक नाम) मुस्लिम समुदाय के एक लड़के मो ग़ालिब उर्फ राजा पिता मुख्तार खान के साथ चली गई थी। खुशबू के परिजनों ने इस मामले में नौ फरवरी को ही लड़की के लापता होने की सूचना थाने में दर्ज कराई। पुलिस ने जब छानबीन की तो पता चला कि यह मामला गुमशुदगी का नहीं, बल्कि प्रेम प्रसंग का है। रजरप्पा थाना प्रभारी नवीन प्रकाश पांडे ने इस मामले की सूचना लड़की के परिजनों को दी। साथ ही फोन पर बात भी कराई। पुलिस ने बताया कि लड़की अपने परिवार वालों के साथ संपर्क में है। आगे की कार्रवाई के लिए परिजनों की ओर से आवेदन दिया जाएगा, तो उस आधार पर भी कार्रवाई की जाएगी।
इस पूरे मामले को लेकर लड़की के परिवार और समाज के लोगों ने गिरिडीह सांसद चंद्र प्रकाश चौधरी से मुलाकात की। सांसद चंद्र प्रकाश चौधरी ने 23 फरवरी तक लड़की को सुपूर्द करने का अल्टीमेटम पुलिस को दिया है। उन्होंने कहा कि लड़की को लाए नहीं तो माहौल बिगड़ा तो इसकी जिम्मेवार सरकार और यहां की पुलिस प्रशासन होगी। उन्होंने कहा कि मामला काफी उलझा हुआ है, जिससे लोगों में आक्रोश है। अभी तक पुलिस की ओर से भी कोई एक्शन नहीं लिया गया है। चूंकि हमलोगों को यह मामला सुलझाना भी है और बिगड़ेगा तो हमलोग आपस में ही उलझेंगे। उन्होंने एसपी से भी बात की और कहा कि किसी भी हाल में 23 तारीख तक लड़की को सुपुर्द करें। लड़की हमारे समाज की है। नहीं तो हमलोग दबाव बनाएंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश