लकड़ी तस्करों का आंतक-वन विभाग की टीम पर ट्रक चढ़ाया, तीन घायल
- DSS Admin
- May 14, 2026

कठुआ, 14 मई । जिले में अवैध लकड़ी तस्करों के हौसले लगातार बुलंद होते नजर जा रहे हैं। बीती रात तस्करों ने वन विभाग की टीम पर हमला करते हुए उनकी गाड़ी को ट्रक से टक्कर मार दी जिसमें सवार चार कर्मियों में तीन कर्मी घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार वन विभाग कठुआ की टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि अवैध लकड़ी से लदे तीन वाहन जम्मू-कश्मीर से पंजाब की ओर जा रहे हैं। इसी सूचना के आधार पर नेशनल हाईवे पर जगह-जगह नाके लगाए गए। इस दौरान चढ़वाल क्षेत्र में संदिग्ध वाहन दिखाई दिया जिसका वन कर्मियों ने पीछा किया। जैसे ही टीम ने उसे रोकने का प्रयास किया चालक ने ट्रक की रफ्तार बढ़ा दी और वन विभाग की गाड़ी को जोरदार टक्कर मारकर मौके से फरार हो गया। हादसे में तीन कर्मचारी घायल हुए जिनमें नरेश कुमार को गंभीर चोटें आई हैं और उनका उपचार जीएमसी कठुआ में जारी है जबकि दो अन्य को हल्की चोटें आई हैं। टक्कर के कारण कार की कंडक्टर साइड की आगे की खिड़की पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
डीएफओ कठुआ अंकित सिन्हा ने बताया कि वन विभाग द्वारा अवैध लकड़ी तस्करी पर लगातार शिकंजा कसा जा रहा है और पिछले चार दिनों में 10 ट्रकों को जब्त किया गया है। उन्होंने कहा कि तस्करों की यह हरकत उनकी बौखलाहट को दर्शाती है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि तस्करों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा और रात के समय नियमित रूप से नाके लगाकर कार्रवाई जारी रहेगी। साथ ही पुलिस की मदद लेकर संयुक्त अभियान और तेज किया जाएगा। इस मामले में राजबाग थाना में केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस और वन विभाग की संयुक्त टीम फरार ट्रक चालक और वाहन की तलाश में जुटी हुई है।
अधिकारियों ने आशंका जताई है कि ये तस्कर नशा तस्करी में भी शामिल हो सकते हैं और नशे की हालत में इस तरह की वारदात को अंजाम देते हैं।
---------------

