6 से 15 मार्च तक मनाया जाएगा 29वां फागोत्सव, महिलाओं की रहेगी प्रमुख भूमिका
- Admin Admin
- Feb 09, 2025
![](/Content/PostImages/62133a87acfd3a7ddae2d1a058dc0283_1804189555.jpg)
नैनीताल, 9 फ़रवरी (हि.स.)। नैनीताल की सबसे पुरानी धार्मिक-सामाजिक संस्था श्री राम सेवक सभा द्वारा इस वर्ष आयोजित होने जा रहे 29वें फागोत्सव की तैयारियों को लेकर रविवार को विभिन्न महिला दलों के साथ बैठक आयोजित की।
संस्थाध्यक्ष मनोज साह की अध्यक्षता तथा महासचिव जगदीश बावड़ी और प्रो. ललित तिवारी के संचालन में आयोजित बैठक में नगर पालिका अध्यक्ष बनने पर डॉ. सरस्वती खेतवाल, सभासद मुकेश जोशी ‘मंटू’ तथा पूर्व सभासद मंजू रौतेला को लोक कला के क्षेत्र में राष्ट्रपति से मैरिट अवॉर्ड से सम्मानित होने पर पुष्पमाला और चुन्नी उड़ाकर सम्मानित किया गया। डॉ. सरस्वती खेतवाल तथा मुकेश जोशी ने भी सभा को संबोधित किया। इस दौरान कुंभ स्नान कर लौटे नगर के श्रद्धालुओं को भी शुभकामनाएँ दी गईं।
बैठक में तय किया गया कि 29वां फागोत्सव 6 मार्च से 15 मार्च 2025 तक आयोजित किया जाएगा। 6 मार्च को होली जुलूस वैष्णव देवी मंदिर से प्रातः 11 बजे निकलेगा तथा दोपहर 2 बजे सभा भवन में औपचारिक उद्घाटन कार्यक्रम होगा। 7 मार्च को बाहर के महिला दल तथा स्थानीय दल अपनी होली प्रस्तुतियाँ देंगी। महिला टीमों में प्रत्येक टीम के 10 सदस्य अनिवार्य होंगे। इसी तरह 8 मार्च को महिलाओं द्वारा बैठकी होली, 9 को रंग धारण, 10 को आंवला एकादशी के अवसर पर एकल होली गायन, 11 को विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों का होली गायन, 12 को श्री राम सेवक सभा के बाल कलाकारों की होली प्रस्तुितयां, 13 मार्च को होली का रंग जुलूस, पुरुषों की होली तथा रात्रि में होलिका दहन एवं 15 मार्च को छलड़ी का आयोजन किया जाएगा। साथ ही विगत वर्षों की भांति इस बार भी होली महोत्सव के दौरान फोटोग्राफी प्रतियोगिता का आयोजन करने का निर्णय भी लिया गया।
बैठक में अशोक साह, विमल चौधरी, विमल साह, मुकुल जोशी, देवेंद्र लाल साह, राजेंद्र लाल साह, दिनेश भट्ट, भुवन बिष्ट, आनंद बिष्ट, हरीश राणा, तारा बोरा, प्रगति जैन, मृणाल नेगी, भावना रावत, सरिता त्रिपाठी, बीना, मोहिनी, कलावती, भारती, तुलसी, गीता सिराला, जानकी, दीपा चौधरी सहित 60 महिलाएं उपस्थित रही।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी