एडीसी ने वैदिक शिक्षा और गौसेवा को बढ़ावा देने के लिए हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया

The ADC assured every possible support to promote Vedic education and cow service.


जम्मू, 12 मई । मंगकवर को महर्षि दयानंद गौशाला और स्वामी श्रद्धानंद गुरुकुल के संरक्षक चंदन दत्ता ने जम्मू की एडीसी अनुसूया जम्वाल से मुलाकात कर उन्हें स्वामी श्रद्धानंद गुरुकुल की वैदिक शिक्षा प्रणाली और विभिन्न गतिविधियों की जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि गुरुकुल का उद्देश्य आने वाली पीढ़ियों को वैदिक शिक्षा एवं संस्कार प्रदान करना है। चंदन दत्ता ने एडीसी को महर्षि दयानंद गौशाला के बारे में भी जानकारी दी जिसकी स्थापना गौमाता की सेवा और संरक्षण के उद्देश्य से की गई है। उन्होंने बताया कि गौशाला में गौसेवा के साथ-साथ सामाजिक एवं धार्मिक मूल्यों को भी बढ़ावा दिया जा रहा है।

मुलाकात के दौरान एडीसी ने कहा कि वे बचपन से ही वैदिक परंपरा से जुड़ी रही हैं और गुरुकुल की शिक्षा पद्धति से भलीभांति परिचित हैं। इस अवसर पर उन्होंने गौशाला प्रबंधन समिति को चारों वेद और भगवद गीता की पुस्तकें भेंट कीं। गुरुकुल और गौशाला प्रबंधन ने इसे सम्मान और प्रेरणा का प्रतीक बताते हुए उनके प्रति आभार व्यक्त किया। चंदन दत्ता ने एडीसी से अनुरोध किया कि गौशाला में पशुओं की नियमित स्वास्थ्य जांच के लिए डॉक्टरों की टीम भेजी जाए तथा सुरक्षा की दृष्टि से संबंधित पुलिस स्टेशन की गश्ती टीम रात के समय गुरुकुल का दौरा करे ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके।

अनुसूया जम्वाल ने इस सामाजिक एवं धार्मिक कार्य में पूरा सहयोग देने का आश्वासन दिया और संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश जारी किए। उन्होंने बच्चों में वैदिक शिक्षा और नैतिक मूल्यों को बढ़ावा देने के लिए गुरुकुल प्रबंधन के प्रयासों की सराहना की। इस अवसर पर पुरानी मंडी आर्य समाज के अध्यक्ष अरुण आर्य, सचिव रवि, शोभित शास्त्री, अनिल गैंद और सेठी सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

   

सम्बंधित खबर