6 जून को जम्मू में होगी अस्मिता सिटी महिला रोड साइक्लिंग चैंपियनशिप

6 जून को जम्मू में होगी अस्मिता सिटी महिला रोड साइक्लिंग चैंपियनशिप


जम्मू, 01 जून । जम्मू-कश्मीर साइक्लिंग एसोसिएशन ने खेलो इंडिया पहल के तहत 6 जून 2026 को एमए स्टेडियम, जम्मू में अस्मिता सिटी महिला लीग जूनियर/वुमेन एलीट रोड साइक्लिंग चैंपियनशिप 2026 आयोजित करने की घोषणा की है। प्रतियोगिता का शुभारंभ सुबह 6 बजे होगा। एसोसिएशन के अनुसार इस चैंपियनशिप का उद्देश्य महिलाओं की प्रतिस्पर्धी साइक्लिंग में भागीदारी बढ़ाना तथा जम्मू-कश्मीर की युवा महिला साइक्लिस्टों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए एक संगठित मंच उपलब्ध कराना है। यह आयोजन महिला खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के साथ-साथ फिटनेस, अनुशासन और खेल उत्कृष्टता को बढ़ावा देने में भी सहायक होगा।

प्रतियोगिता तीन वर्गों में आयोजित की जाएगी। वुमेन एलीट वर्ग में 19 वर्ष या उससे अधिक आयु की खिलाड़ी भाग ले सकेंगी जबकि जूनियर गर्ल्स वर्ग में 17 से 18 वर्ष आयु की प्रतिभागी और सब-जूनियर गर्ल्स वर्ग में 13 से 16 वर्ष आयु की खिलाड़ी हिस्सा लेंगी। प्रतिभागियों को आधार कार्ड, डोमिसाइल प्रमाणपत्र, जन्म तिथि प्रमाणपत्र और दो पासपोर्ट आकार के फोटो साथ लाने होंगे। आयोजकों द्वारा टीए/डीए, आवास अथवा भोजन की व्यवस्था नहीं की जाएगी। खिलाड़ी भारतीय या विदेशी किसी भी साइकिल का उपयोग कर सकती हैं।

साइक्लिंग एसोसिएशन ने स्कूलों, कॉलेजों, खेल क्लबों और अभिभावकों से पात्र छात्राओं को प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए प्रोत्साहित करने की अपील की है। एसोसिएशन का कहना है कि यह आयोजन भविष्य की राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए प्रतिभाओं की पहचान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

   

सम्बंधित खबर