जम्मू कश्मीर सरकार ने गलत तरीके से भर्ती करने के आरोपों को सीधे तौर पर खारिज किया
- DSS Admin
- Jun 28, 2026
श्रीनगर, 28 जून (हि.स.)। जम्मू-कश्मीर में नेशनल कॉन्फ्रेंस के नेतृत्व वाली सरकार के वरिष्ठ मंत्रियों ने रविवार सुबह एक प्रेस कॉन्फ्रेंस की। उन्होंने गलत तरीके से भर्ती करने के आरोपों को सीधे तौर पर खारिज किया और ज़ोर देकर कहा कि विवाद के केंद्र में मौजूद आउटसोर्सिंग सिस्टम उनकी देन नहीं है। साथ ही उन्होंने आलोचकों को इसके उलट साबित करने की चुनौती भी दी।
मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला के निर्देशों पर बोलते हुए सलाहकार नासिर असलम वानी ने इस मुद्दे को जनता के भरोसे का मामला बताते हुए ब्रीफिंग शुरू की। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार की रोज़गार नीति को लेकर कई गलतफहमियां फैलाई गई हैं। इन गलतफहमियों को दूर करना हमारा कर्तव्य है क्योंकि यह सुनिश्चित करना हमारी ज़िम्मेदारी है कि जनता तक सही तथ्य पहुंचें। वानी ने मौजूदा भर्ती प्रक्रिया और अतीत के तौर-तरीकों के बीच बड़ा अंतर बताया। उन्होंने पत्रकारों से कहा कि आज हम वे तौर-तरीके नहीं देख रहे हैं जो पहले आम थे जैसे पेपर लीक, रद्द की गई सिलेक्शन लिस्ट और अन्य अनियमितताएं का अनुभव अतीत की बात हो चुके हैं।
---------------

