अध्यक्ष ने श्रीनगर विधानसभा परिसर का किया दौरा

श्रीनगर 05 मई (हि.स.)। जम्मू-कश्मीर विधानसभा के अध्यक्ष अब्दुल रहीम राथर ने विभिन्न कार्यालयों के कामकाज की समीक्षा करने हेतु श्रीनगर में विधानसभा परिसर का दौरा किया। अपने दौरे के दौरान अध्यक्ष ने परिसर के भीतर कई अनुभागों का निरीक्षण किया और कर्मचारियों से बातचीत की।

कार्यालयों के कामकाज की समीक्षा करते हुए अध्यक्ष ने कर्मचारियों को उच्चतम स्तर की व्यावसायिकता और नियमित उपस्थिति बनाए रखने के अलावा फाइलों के त्वरित और कुशल निपटान को सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

श्रीनगर में कार्यालय के सुचारू संचालन के महत्व पर जोर देते हुए अध्यक्ष ने पीने के पानी और बिजली की उपलब्धता सहित आवश्यक सुविधाओं की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने जम्मू से आधिकारिक अभिलेखों के हस्तांतरण की स्थिति का भी आकलन किया जहां हाल ही में एक महीने का बजट सत्र आयोजित किया गया था।

उन्होंने अधिकारियों से अपने-अपने विभागों के प्रभावी कामकाज के अलावा फाइलों का समय पर निपटान सुनिश्चित करने का आग्रह किया। अध्यक्ष के साथ विधान सभा के अतिरिक्त सचिव बिलाल अहमद भट्ट और विधान सभा के वरिष्ठ अधिकारी काजी मुश्ताक अहमद, शब्बीर अहमद वानी, मोहम्मद जमालुद्दीन और फैयाज अहमद जू भी थे।

हिन्दुस्थान समाचार / सुमन लता

   

सम्बंधित खबर