आपदा प्रभावितों के चक्का जाम से यात्रियों को भारी परेशानी

गोपेश्वर, 27 सितम्बर (हि.स.)। आपदा प्रभावित ज्योतिर्मठ के निवासियों ने शुक्रवार को 'मूल निवासी स्वाभिमान संगठन' के बैनर तले अपनी विभिन्न मांगों को लेकर चक्का जाम किया और प्रदेश सरकार का पुतला दहन किया। इस प्रदर्शन से यात्रियों को भी काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। बाद में प्रशासनिक अधिकारियों के हस्तक्षेप और लिखित आश्वासन मिलने के बाद चक्का जाम समाप्त हुआ। प्रशासन ने एक महीने के भीतर समस्याओं के समाधान का भरोसा दिलाया है।

प्रदर्शन के कारण पीपलकोटी और बदरीनाथ से आने वाले यात्रियों को रोका गया, जिससे यात्रा व्यवस्था प्रभावित हुई। संगठन के अध्यक्ष, भुवन चंद्र उनियाल ने कहा कि आपदा के 21 महीने बीत जाने के बावजूद सरकार ने राहत के लिए ठोस कदम नहीं उठाए हैं। जोशीमठ के नीचे लगातार हो रहे भूस्खलन से नगर को और अधिक खतरा उत्पन्न हो गया है, जिससे लोग अपने घरों में डरे-सहमे हुए हैं।

संगठन के सदस्य समीर डिमरी ने बताया कि उनकी पहली मांग है कि जोशीमठ नगर में सुरक्षात्मक कार्य शुरू किए जाएं। अगर सरकार एक महीने में अपनी बात पर अमल नहीं करती है, तो 25 अक्टूबर के बाद एक और बड़ा चक्का जाम किया जाएगा।

इस अवसर पर व्यापार मंडल अध्यक्ष नैन सिंह भंडारी, टैक्सी यूनियन अध्यक्ष चंडीप्रसाद बहुगुणा, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष ऋषि प्रसाद सती, भगवती प्रसाद कपरूवाण, समीर डिमरी, प्रकाश नेगी, अमित सती, प्रवेश डिमरी, हरेंद्र राणा, सौरभ राणा, शुभम रावत, देवेश्वरी शाह, आरती उनियाल आदि मौजूद थे।

हिन्दुस्थान समाचार / जगदीश पोखरियाल

   

सम्बंधित खबर