फरीदाबाद:बडख़ल के जंगल में मिला किशोर का शव

फरीदाबाद, 15 मार्च (हि.स.)। गांव बडख़ल में एक दर्दनाक घटना सामने आई है। जुम्मे की नमाज के बाद लापता हुए 15 वर्षीय फैजान का शव शनिवार सुबह जंगल में मिला। मृतक के चेहरे पर पत्थरों से वार किए गए थे और गले व छाती पर सुई के निशान पाए गए। मामले की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश की जा रही है। जानकारी के अनुसार किशोर के मामा ने बताया कि फैजान शुक्रवार को रमजान के दौरान मस्जिद में नमाज पढ़ कर निकला था। शाम तक रोजा खोलने के लिए घर नहीं लौटने पर परिवार ने उसकी तलाश शुरू की। मस्जिद के सीसीटीवी फुटेज में फैजान नमाज के बाद बाहर निकलता दिखा, लेकिन उसके बाद उसका कोई सुराग नहीं मिला। परिवार ने पुलिस चौकी में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। शनिवार सुबह किसी ने फोन कर बडख़ल के जंगल में शव होने की सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव की शिनाख्त फैजान के रूप में की। फैजान तीन बहनों का इकलौता भाई था। उसके पिता कारपेंटर का काम करते हैं। परिवार का किसी से कोई विवाद नहीं था। मामा ने पुलिस से हत्यारों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है, ताकि हत्या का कारण सामने आ सके।

हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर

   

सम्बंधित खबर