घाटमपुर में नेवेली पॉवर प्लांट की तीसरी इकाई शुरू, 1980 मेगावॉट की पूर्ण क्षमता हासिल
- DSS Admin
- Jun 16, 2026
हमीरपुर, 16 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के हमीरपुर मुख्यालय से लगे कानपुर नगर के घाटमपुर तहसील क्षेत्र के लहुरीमऊ गांव स्थित नेवेली उत्तर प्रदेश पॉवर लिमिटेड (एनयूपीपीएल) की ताप विद्युत परियोजना ने एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल करते हुए अपनी तीसरी और अंतिम इकाई का वाणिज्यिक संचालन शुरू कर दिया है। 660 मेगावॉट क्षमता वाली यूनिट-3 के चालू होने के साथ ही परियोजना ने अपनी कुल स्थापित क्षमता 1,980 मेगावॉट प्राप्त कर ली है।
इस उपलब्धि को देश की ऊर्जा सुरक्षा और बढ़ती बिजली मांग को पूरा करने की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है। वहीं मुख्यालय सहित आसपास के क्षेत्र को भी इससे लाभ मिलेगा। एनएलसी इंडिया लिमिटेड के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक एम. प्रसन्ना कुमार सहित वरिष्ठ अधिकारियों ने परियोजना से जुड़े सभी अधिकारियों, अभियंताओं, कर्मचारियों, संविदाकारों और सहयोगी एजेंसियों को बधाई दी।
उन्होंने मंगलवार को बताया कि यूनिट-3 का सफल संचालन सभी हितधारकों की तकनीकी दक्षता, समर्पण और टीमवर्क का परिणाम है। नई इकाई के शुरू होने से विद्युत उत्पादन क्षमता बढ़ेगी और राष्ट्रीय ग्रिड की विश्वसनीयता मजबूत होगी। इससे उद्योगों, व्यवसायों तथा आम उपभोक्ताओं को बेहतर और निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित हो सकेगी। तीनों इकाइयों के संचालन के साथ घाटमपुर ताप विद्युत परियोजना अब देश की प्रमुख ताप विद्युत परियोजनाओं में शामिल हो गई है
---------------

