सनातन संस्कृति के उत्कर्ष का समय शुरू : जयवीर सिंह

पर्यटन मंत्री ने किया प्राचीन शिव मंदिर के पर्यटन विकास और सौन्दर्यीकरण कार्यों का लोकार्पण

फिरोजाबाद, 23 मार्च (हि.स.)। प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने रविवार को ग्राम टोंडसी में प्राचीन शिव मंदिर में 1.97 करोड़ की लागत से कराये गये पर्यटन विकास एवं सौन्दर्यीकरण कार्यों का लोकार्पण किया। लोकार्पण के बाद उन्होंने प्राचीन शिव मंदिर में पूजा अर्चना भी की।

इस मौके पर पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री योगी के नेतृत्व में प्राचीन धर्मस्थलों के पर्यटन विकास और सौन्दर्यीकरण कार्य कराकर अपनी संस्कृति और धरोहर को जीवित रखने का कार्य किया जा रहा है। इस तरह से ग्रामीण क्षेत्रों में मंदिरों के पर्यटन विकास और सौन्दर्यीकरण कार्यों से अब शहर के लोग प्राकृतिक सौन्दर्य का आनंद लेने के लिये गांव में आएंगें। प्रदेश की भाजपा सरकार सांस्कृतिक महत्व के स्थलों के विकास के जरिए आमजन के लिए समृद्धि के द्वार खोल रही है। यह समय सनातन संस्कृति के उत्कर्ष का समय है। इस समय सिरसागंज क्षेत्र के दर्जनभर प्राचीन मंदिरों का सौन्दर्यीकरण कार्य चल रहा है। जो जल्दी ही तैयार होकर सभी भक्तजनों को अपनी अलौकिक छवि से आकर्षित कर भक्ति की भावना उत्पन्न करेंगे।

लोकार्पण कार्यक्रम दौरान जिला उपाध्यक्ष ब्रजेश सिंह, पूर्व जिला मंत्री राजीव यादव बाले, प्रवीन सिंह नीटू, मण्डल अध्यक्ष वीरू धाकरे ने उपस्थित ग्रामीणों का सम्बोधित किया। कार्यक्रम का संचालन मुकेश मणिकांचन ने किया। इस अवसर पर अरविंद सिंह गौर, ज्ञानी सिंह शाक्य, सुल्तान सिंह शाक्य, अजब सिंह, मास्टर रामकुमार, विजयपाल कठेरिया, रघुवीर नेताजी आदि मुख्य रूप से उपस्थित थे।

--------------

हिन्दुस्थान समाचार / कौशल राठौड़

   

सम्बंधित खबर