एएफडीसी घोटाले के तीन आरोपितों को जमानत, जांच में अनियमितताओं के आरोप
- DSS Admin
- Jun 17, 2026
गुवाहाटी, 17 जून (हि.स.)। असम फिशरीज डेवलपमेंट कॉरपोरेशन (एएफडीसी) में कथित वित्तीय घोटाले के मामले में नामजद तीन अधिकारियों को विशेष न्यायिक मजिस्ट्रेट की अदालत ने जमानत दे दी है। इस बीच जांच में करोड़ों रुपये की वित्तीय अनियमितताओं से जुड़े नए तथ्य भी सामने आ रहे हैं।
जमानत पाने वाले आरोपितों में बिरिंची अधिकारी, पद्मकांत हजारिका और ज्योतिष सैकिया शामिल हैं। ये सभी राज्य संचालित निगम में कथित वित्तीय गड़बड़ियों से जुड़े मामले में आरोपित हैं। सूत्रों के अनुसार जांच प्रक्रिया में कथित खामियों के कारण आरोपितों को राहत मिलने में मदद मिली।
बताया गया है कि जांच अधिकारी ने अदालत को दिसपुर थाना कांड संख्या 298/2022 की जानकारी नहीं दी, जो कथित रूप से इसी मामले से जुड़ा हुआ है। वहीं पद्मकांत हजारिका को स्वास्थ्य संबंधी आधार पर भी राहत मिली। इससे पहले वह इसी कथित घोटाले से जुड़े एक अन्य मामले में गौहाटी उच्च न्यायालय से जमानत प्राप्त कर चुके हैं।
जांच के दौरान सामने आए नए तथ्यों के अनुसार निगम के लगभग 7.14 करोड़ रुपये सरकारी वित्तीय नियमों का उल्लंघन करते हुए निजी बैंक खातों में स्थानांतरित किए जाने का आरोप है।
जांच एजेंसियों को संदेह है कि वर्ष 2017 से 2021 के बीच बड़े पैमाने पर वित्तीय अनियमितताएं हुईं, जिनके तहत करोड़ों रुपये कर्मचारियों, ठेकेदारों और अन्य व्यक्तियों के निजी खातों में भेजे गए।
आरोप है कि ये लेन-देन एएफडीसी के तत्कालीन अध्यक्ष तथा मोरीगांव से भाजपा विधायक रमाकांत देउरी के कार्यकाल के दौरान हुए। मामले में निगम के पूर्व अधिकारियों, कर्मचारियों और ठेकेदारों की मिलीभगत की भी जांच की जा रही है।
यह मामला वर्ष 2022 में दिसपुर थाने में दर्ज किया गया था। कथित वित्तीय अनियमितताओं की जांच फिलहाल जारी है।
----------

