हरियाणा की सिरसा पुलिस ने जोधपुर में पकड़े तीन साइबर ठग, जेल भेजे गए
- Admin Admin
- Mar 10, 2025

जोधपुर, 10 मार्च (हि.स.)। सिरसा शहर की साइबर थाना पुलिस ने साइबर धोखाधड़ी के मामले में संलिप्त तीन आरोपियों को जोधपुर शहर से गिरफ्तार किया है। उन्होंने वर्क फॉर्म होम के नाम पर 83 हजार रुपए की ठगी की थी। आरोपियों क ो अब जेल भेज दिया गया है। गिरफ्तार किए गए युवकों की पहचान मदेरणा कॉलोनी निवासी वासुदेव व मयूर सैन और कालका मंदिर के पास रहने वाले रणजीत सिंह उर्फ प्रिंस के रूप में हुई है।
वर्क फ्रॉम, दिया था टास्क का काम :
साइबर थाना प्रभारी निरीक्षक दिनकर यादव ने बताया कि सिरसा की एडीसी कॉलोनी निवासी सुनीता रानी ने बताया था कि कुछ दिन पहले उसे एक कॉल प्राप्त हुई, उससे कहा गया कि आप घर बैठे वर्क फॉर्म होम के जरिए लाखों रुपए कमा सकते हैं। मोबाइल फोन पर आए लिंक को क्लिक करने के बाद टास्क पूरा करना होगा और टास्क पूरा होने के बाद मोटे मुनाफे का बोनस भी मिलेगा। उसने लालच में आकर उनकी वेबसाइट पर पंजीकरण करवा लिया और एक लॉगिन आईडी बनाकर 83 हजार रुपए का इन्वेस्टमेंट कर दिया और बाद में पैसा निकालने के लिए वेबसाइट पर आए लिंक को क्लिक किया तो और पैसे डालने की डिमांड की गई। उसने अपनी राशि वापस निकालने का प्रयास किया, तो उनकी वेबसाइट बंद हो गई थी।
अक्टूबर 24 को दर्ज हुआ था मामला :
इस संबंध में पीडि़त की शिकायत पर साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन सिरसा में 12 अक्टूबर 2024 को साइबर ठगी का केस दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। जांच के दौरान साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन की विशेष टीम ने घटना में संलिप्त तीन और आरोपियों को जोधपुर क्षेत्र से काबू कर उनकी निशानदेही पर 8 हजार 500 रुपए व वारदात में प्रयुक्त मोबाइल फोन बरामद कर लिए हैं। इस संबंध में साइबर थाना की टीम ने एक आरोपी जोधपुर के वार्ड नंबर 54 स्थित शिव नगर निवासी अनुराग को पहले ही गिरफ्तार कर लिया था। गिरफ्तार किए गए आरोपियों को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में जेल भेजा गया है।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश