पूर्व मुख्यमंत्री साहिब सिंह वर्मा को दिल्ली के मंत्रियों व विधायकों ने दी श्रद्धांजलि

नई दिल्ली, 30 जून (हि.स.)। दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री साहिब सिंह वर्मा की पुण्यतिथि के अवसर पर मंगलवार को स्वाभिमान स्थल घेवरा मोड़ पर बड़ी संख्या में लोगों ने उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। श्रद्धांजलि सभा में दिल्ली सरकार के मंत्रियों, सांसदों, विधायकों के साथ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) दिल्ली के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा भी शामिल हुए।

दिल्ली के लोक निर्माण विभाग के मंत्री प्रवेश साहिब सिंह और उनके पुत्र ने श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि स्वर्गीय साहिब सिंह वर्मा का संपूर्ण जीवन सादगी, ईमानदारी और निःस्वार्थ जनसेवा का अनुपम उदाहरण रहा। उन्होंने सदैव समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति के सम्मान, अधिकार और कल्याण को सर्वोच्च प्राथमिकता दी। उनके विचार, सिद्धांत और जनकल्याण के प्रति उनका अटूट समर्पण आज भी हम सभी को ईमानदारी और समर्पण के साथ जनता की सेवा करने की प्रेरणा देता है।

उन्होंने कहा कि साहिब सिंह वर्मा का मानना था कि राजनीति कभी सत्ता प्राप्त करने का माध्यम नहीं बल्कि ईमानदारी, विनम्रता और संवेदनशीलता के साथ समाज की सेवा करने का पवित्र दायित्व है। उनके हर निर्णय के केंद्र में आम नागरिकों का हित होता था। उनके आदर्श आज भी हमें प्रेरित करते हैं और हम समावेशी, पारदर्शी तथा जन-केंद्रित सुशासन के उनके दृष्टिकोण को आगे बढ़ाने के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध हैं।

प्रार्थना सभा में उपस्थित नेताओं ने साहिब सिंह वर्मा को एक दूरदर्शी प्रशासक, शिक्षाविद् और जननेता के रूप में याद किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा, आधारभूत संरचना के विकास तथा समाज के कमजोर वर्गों के सशक्तिकरण में उनका योगदान आज भी दिल्ली के विकास को दिशा दे रहा है।

---------------

   

सम्बंधित खबर